मुनिश्री हितेंद्र कुमार जी के 3800 एकासन पूर्ण, मंडिया में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
मुनिश्री हितेंद्र कुमार जी के 3800 एकासन पूर्ण, मंडिया में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब



मंडिया/बेंगलुरु, 7 जून। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री हितेंद्र कुमार जी द्वारा लगातार 3800 एकासन की कठिन तपस्या निर्विघ्न पूर्ण होने के पावन अवसर पर मंडिया में एक भव्य ‘तप अनुमोदना’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आध्यात्मिक समारोह में मुनिश्री विनीत कुमार जी, मुनिश्री आकाश कुमार जी और मुनिश्री पुनीत कुमार जी का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।


समारोह को संबोधित करते हुए मुनिश्री विनीत कुमार जी, मुनिश्री आकाश कुमार जी एवं मुनिश्री पुनीत कुमार जी ने तपस्या के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जैन धर्म में तप का विशिष्ट स्थान है और तेरापंथ धर्मसंघ में समय-समय पर ऐसी महान तपस्याएं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करती हैं। मुनिश्री हितेंद्र कुमार जी ने अपनी कठोर साधना और एकासन तप के माध्यम से आत्मा को शुद्ध करने का अनुकरणीय कार्य किया है। संतों ने उन्हें निरंतर कर्म निर्जरा की दिशा में आगे बढ़ने का आशीर्वाद प्रदान किया।


इस विशेष अवसर पर श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, राजराजेश्वरी नगर (बेंगलुरु) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कमलसिंह दुगड़ ने समस्त संस्थाओं और श्रावक समाज की ओर से मुनिश्री के प्रति वंदना ज्ञापित की। उन्होंने मुनिश्री के महान त्याग और संयममयी साधना की भावपूर्ण अनुमोदना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर आध्यात्मिक प्रगति की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में तेरापंथ युवक परिषद के मंत्री संदीप बैद, महिला मंडल अध्यक्षा मंजू बोथरा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मुनिश्री की इस कठिन तपस्या से प्रेरणा लेते हुए धर्म के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। पूरे कार्यक्रम का वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक हर्षोल्लास से सराबोर रहा।


