बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार



- सहकार अभियान के तहत उरमूल डेयरी में संयुक्त कैंप आयोजित
बीकानेर, 8 जून। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित सहकार अभियान के अंतर्गत केंद्रीय सहकारी बैंक, बीकानेर एवं उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (उरमूल डेयरी) बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को उरमूल डेयरी सभागार में संयुक्त कैंप का आयोजन किया गया।


कैंप में दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को केंद्रीय सहकारी बैंक का सदस्य बनाया गया। साथ ही बैंक में खाते खुलवाने के लिए आवेदन पत्र वितरित किए गए। बैंक मित्र बनाने हेतु अनुबंध करवाए गए तथा माइक्रो एटीएम सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सहमति पत्र प्राप्त किए गए।


केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक श्री मोहम्मद फारूक ने बताया कि सहकारी बैंक में खाता खुलवाने पर दुग्ध उत्पादकों को नकद जमा एवं निकासी, आधार लिंकिंग, डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान, त्वरित बैलेंस जानकारी एवं मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा दुग्ध समितियों की साख एवं फुटफॉल में वृद्धि, शून्य जमा खाता सुविधा, पूर्णतः निःशुल्क खाता संचालन, आधुनिक बैंकिंग सेवाएं तथा लॉकर किराए में 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट भी प्रदान की जाएगी।
कैंप में बैंक की ओर से अधिशाषी अधिकारी श्री धर्मेन्द्र रेप्सवाल, वरिष्ठ प्रबंधक श्री सत्येन्द्र बिश्नोई, प्रबंधक श्री नागरमल, श्री मानवेन्द्र सिंह एवं श्रीमती प्रिया विश्वकर्मा उपस्थित रहे। वहीं उरमूल डेयरी की ओर से श्री मोहन सिंह चौधरी (प्रभारी), श्री ओम प्रकाश (प्लांट इंचार्ज), श्री अनिल दाधीच (नोडल अधिकारी), श्री अनिल खिचड़ तथा श्री रामलाल (सुपरवाइजर) ने भागीदारी निभाई। कैंप में दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के 50 से अधिक अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।
========
- 24वीं चल वैजयंती खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
बीकानेर, 8 जून । स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय की 24वीं चल वैजयंती खेलकूद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को विद्या मंडप में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल गुरु डॉ राजेंद्र बाबू दुबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और विजेता टीमों को बधाई दी। कुलगुरु प्रो दुबे ने कहा कि चल वैजयंती खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से विश्वविद्यालय के समस्त कार्मिकों को एक दूसरे से जुड़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि खेल टीम भावना का प्रदर्शन करने और अनुशासन अपनाने का माध्यम है, उन्होंने कार्मिकों से विश्वविद्यालय के उज्जवल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
रजिस्ट्रार डॉ देवाराम सैनी ने कहा कि विश्वविद्यालय के सभी कार्मिकों ने एक भाव से जुड़कर खेलकूद प्रतियोगिता का बेहतरीन आयोजन किया। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कार्मिक खेलों से जुड़े रहें इसके लिए भी प्रयास किए जाएं। कार्यक्रम में निदेशक छात्र कल्याण डॉ एच एल देशवाल ने स्वागत उद्बोधन दिया ।
खेलकूद सचिव डॉ अशोक ने प्रतियोगिता के खेलों व विजेता टीमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभिन्न खेलों में कुल सात टीमों ने अपने दमखम का परिचय दिया।
शैक्षणिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ शीशपाल सिंह ने कहा कि इन खेलों के माध्यम से दोनों श्रेणियां के कार्मिकों को साथ आने का मौका मिला है। अशैक्षणिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मदन पाल सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलकूद प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित हों जिससे कार्मिक प्रोत्साहित होंगे। इस अवसर पर समस्त डीन डायरेक्टर्स, कार्मिक उपस्थित रहे।
=========
- उरमूल भवन में “सहकारिता में सहकार” कैंप आयोजित, 100 से अधिक किसानों ने लिया लाभ
- “म्हारो खातो, म्हारो बैंक” अभियान से जुड़ रहे किसान और समितियां
बीकानेर, 8 जून। दी सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, बीकानेर एवं उत्तरी राजस्थान सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (उरमूल) के संयुक्त तत्वावधान में “सहकार से समृद्धि” योजना के तहत 8 जून से 15 जून तक उरमूल भवन में “सहकारिता में सहकार” विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में किसानों एवं सहकारी समितियों के पदाधिकारियों को बैंकिंग एवं तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
दी सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की प्रबंध संचालक ने बताया कि “म्हारो खातो, म्हारो बैंक” अभियान का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों (DUSS) एवं उत्पादक सहकारी समितियों (PDS) को केन्द्रीय सहकारी बैंक से जोड़कर उन्हें बैंकिंग सुविधाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है।
उरमूल के प्लांट मैनेजर ओमप्रकाश भांभू ने बताया कि इस पहल से समितियों को तकनीकी समावेशन के तहत कई लाभ प्राप्त होंगे। इनमें द्वार पर नकद जमा-निकासी सुविधा, बैंक मित्र के लिए अतिरिक्त कमीशन आय, आधार लिंक एवं डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान, तत्काल बैलेंस जानकारी एवं मिनी स्टेटमेंट तथा समितियों की साख में वृद्धि शामिल है।
कैंप के नोडल प्रभारी धर्मेंद्र तथा सीसीबी बैंक शाखा प्रबंधक मानवेंद्र सिंह ने बताया कि बैंक में खाता खुलवाने पर शून्य शेष खाता, निःशुल्क खाता संचालन, आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं, लॉकर किराये में 20 प्रतिशत छूट तथा पशुपालकों के लिए ब्याजमुक्त फसली ऋण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ये सुविधाएं बैंक की मुख्य शाखा सहित लूणकरणसर, नोखा, खाजूवाला, कोलायत, जसरासर, छत्तरगढ़, बज्जू, श्रीडूंगरगढ़ एवं पूगल शाखाओं में भी उपलब्ध हैं।
उरमूल के प्रभारी पी एंड आई मोहन सिंह चौधरी ने समिति सचिवों एवं अध्यक्षों से अधिकाधिक किसानों को योजना से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कैंप में 100 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर डॉ. अनिल दाधीच, आर.पी. रामलाल वर्मा, अनिल कुमार खीचड़, रामचंद्र एवं जेठाराम ने भी किसानों को योजना की जानकारी देते हुए इसके लाभों पर प्रकाश डाला।
=======
मानसून एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
निगम आयुक्त की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा
बीकानेर, 8 जून। दक्षिण-पश्चिम मानसून के मद्देनजर संभावित जलभराव, अतिवृष्टि एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सोमवार को निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा मानसून पूर्व तैयारियों, आपदा प्रबंधन योजनाओं तथा कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा की गई।निगम आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मानसून के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
बैठक में निगम आय़ुक्त ने राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता तथा सतत निगरानी अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में नगर निगम को नालों की समयबद्ध सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान, पम्प सेटों की उपलब्धता तथा फोगिंग मशीन समेत स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पेयजल आपूर्ति, जल स्रोतों के क्लोरीनीकरण तथा जल निकासी के लिए पर्याप्त पम्प सेट तैयार रखने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण, मोबाइल चिकित्सा दलों की तैयारी तथा जलजनित एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। विद्युत वितरण निगम को विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने, ढीले तारों एवं क्षतिग्रस्त विद्युत संरचनाओं की मरम्मत तथा आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
सिंचाई विभाग को बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, नावों एवं बचाव उपकरणों की व्यवस्था तथा बांधों एवं जलाशयों की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। पुलिस एवं नागरिक सुरक्षा विभाग को प्रशिक्षित बचाव दलों, गोताखोरों एवं आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निगम आयुक्त ने जिले भर में क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को चिन्हित करने, सभी सरकारी कार्यालयों की छतों की सफाई करवाने, आपदा की स्थिति में पुनर्वास बिल्डिंग चिन्हित करने के साथ साथ सभी संबंधित विभागों के कार्मिकों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी विभागों को अपने-अपने कंटीजेंसी प्लान अद्यतन रखने, नियंत्रण कक्ष सक्रिय करने, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन योजना को अद्यतन करने तथा मानसून अवधि में सतत निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला परिषद सीईओ श्रीमती शैलजा पांडे, एडीएम श्री उम्मेद सिंह रतनू, एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिमा कसाना,समेत बीडीए, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी, विद्युत वितरण निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नागरिक सुरक्षा, पुलिस, सिंचाई, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, भारत संचार निगम लिमिटेड तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
======
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय भव्य आयोजन
- ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर होंगे कार्यक्रम, शारीरिक शिक्षकों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
बीकानेर, 08 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में सुबह 7 से 8 बजे तक भव्य रूप से किया जाएगा। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. पवन कुमार पारीक ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है, जिसके अनुरूप विभिन्न जागरूकता एवं योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ पारीक ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय, सभी ब्लॉक (उपखंड) मुख्यालयों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर किया जाएगा। योग दिवस कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास का संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 जून को प्रातः 9 बजे से 10 बजे तक प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में शारीरिक शिक्षकों को योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल, सामान्य योग अभ्यास एवं आयोजन संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
डॉ. पारीक ने बताया कि जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग के समन्वय से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी, कर्मचारी, सामाजिक संगठन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं योग दिवस आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
डॉ. पारीक ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा, जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” की अवधारणा को मजबूती मिलेगी।
===============


