बीकानेर माहेश्वरी समाज कल मनाएगा महेश नवमी पर्व
बीकानेर माहेश्वरी समाज कल मनाएगा महेश नवमी पर्व



- संचेतन झांकियों के साथ वैभवशाली शोभायात्रा से महकेगी काशी
बीकानेर, 22 जून । बीकानेर का माहेश्वरी समाज हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपना उत्पत्ति दिवस ‘महेश नवमी पर्व’ मंगलवार, 23 जून को अत्यंत हर्षोल्लास, उमंग और श्रद्धापूर्ण माहौल में मनाने जा रहा है। पर्व को लेकर समाज की विभिन्न संस्थाओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक अध्यक्ष सत्यनारायण राठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें उत्सव की अंतिम रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।


प्रेस नोट जारी करते हुए मंडल के मीडिया प्रभारी शिव प्रसाद राठी ने बताया कि बैठक में अध्यक्ष सत्यनारायण राठी ने महेश नवमी के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह उत्सव माहेश्वरी समाज के लिए गौरव का प्रतीक है, क्योंकि इसी दिन भगवान महेश (शिव) द्वारा माहेश्वरी वंश की स्थापना की गई थी। इस वर्ष श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल के बैनर तले बीकानेर की समस्त सामाजिक संस्थाएं और पूरा माहेश्वरी समाज एकजुट होकर इस वार्षिक उत्सव को ऐतिहासिक बनाएगा। सफल संचालन के लिए प्रत्येक सदस्य को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


कलम-दवात पूजन से लेकर महाप्रसाद तक के कार्यक्रम तय
मंडल के मंत्री सुशील करनानी तथा उपाध्यक्ष किशन चांडक ने एकदिवसीय उत्सव के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार प्रातः 9:00 बजे मोहता मरूनायक चौक स्थित मंडल कार्यालय में भगवान महेश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ उत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इसके पश्चात, पारंपरिक रीतियों का निर्वहन करते हुए प्रातः 9:30 बजे मरूनायक मंदिर में समाज द्वारा सामूहिक रूप से ‘कलम-दवात और तराजू’ का पूजन किया जाएगा। वहीं, पूर्वाह्न 10:30 बजे विश्वकर्मा गेट के बाहर स्थित बिनानी बगीची में भगवान महेश का दुग्धाभिषेक एवं विशेष अनुष्ठान आयोजित होगा।
शाम को डागा चौक से सजेगी भव्य शोभायात्रा
मंडल के उप मंत्री पवन कुमार राठी के अनुसार, उत्सव का मुख्य आकर्षण शाम को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। शाम 5:15 बजे डागा चौक स्थित महेश भवन से भगवान की मनमोहक संचेतन झांकियों के साथ शोभायात्रा रवाना होगी। यह यात्रा माहेश्वरी बाहुल्य क्षेत्रों जैसे डागा मोहल्ला, बिनानी चौक, तेलीवाड़ा, मोहता चौक, मूंघड़ा चौक, दम्माणी चौक, गोपीनाथ भवन, बीके स्कूल, बिनानी निवास, जसुसर गेट और श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से होते हुए कोठारी हॉस्पिटल के पास स्थित ‘लक्ष्मी हेरिटेज’ पहुंचकर संपन्न होगी।
मंडल सदस्य बसंत चांडक ने बताया कि शोभायात्रा के लक्ष्मी हेरिटेज पहुंचने पर रात्रि 8:00 बजे से 10:30 बजे तक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज की प्रतिभाएं अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इसके बाद उपस्थित सभी स्वजातीय बंधुओं के लिए सामूहिक ‘महाप्रसाद’ (स्वरुचि भोज) की व्यवस्था रहेगी। कार्यकारिणी सदस्य नारायण डागा ने बताया कि समाज की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया के साथ-साथ मंडल सदस्यों द्वारा घर-घर जाकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क भी किया गया है।
इस विशाल आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल की टीम के सत्यनारायण राठी, सुशील करनानी, पवन कुमार राठी, किशन चांडक, शिव प्रसाद राठी, विजय कुमार मूंदड़ा, सुरेंद्र कुमार तोषनीवाल, बसंत चांडक, नारायण डागा, यश कोठारी, आयुष लखानी, रामकिशन राठी और नितेश लखोटिया सहित सैकड़ों कर्मठ कार्यकर्ता अपना सक्रिय योगदान दे रहे हैं।


