पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में नवोदय विद्यालय समिति स्थापना दिवस आयोजित
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में नवोदय विद्यालय समिति स्थापना दिवस आयोजित


- अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी मनीष थाकण सम्मानित
गजनेर (बीकानेर), 05 अगस्त । पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, गजनेर में ‘नवोदय विद्यालय समिति स्थापना दिवस’ अत्यंत उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।


समारोह की अध्यक्षता नवोदय ऊर्जा सोसाइटी के उपाध्यक्ष सुखदेव नाथ ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने नवोदय विद्यालयों की स्थापना के मूल उद्देश्यों, ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को तराशने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण व निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने में नवोदय समिति की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला।


विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्राचार्य ने दिया प्रेरक संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यालय के प्राचार्य ने नवोदय विद्यालय समिति की उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, उत्कृष्ट शिक्षा एवं उच्च नैतिक मूल्यों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई दी।
पूर्व छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी मनीष थाकण का अभिनंदन
इस अवसर पर चीन में आयोजित 19वीं जूनियर एशियन पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के पूर्व छात्र मनीष थाकण का विशेष रूप से नागरिक अभिनंदन व सम्मान किया गया।
मनीष थाकण ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए कहा
“आज अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में मुझे जो पहचान मिली है, उसकी मजबूत नींव इसी जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर में रखी गई थी। इसी विद्यालय के प्रांगण से मुझे एक बार राष्ट्रीय स्तर पर और दो बार एस.जी.एफ.आई. (SGFI) में खेलने का अवसर मिला, जिसने मुझे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।”
एल्युमनी सोसाइटी ने किया पौधारोपण
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय वृक्षारोपण अभियान के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय गजनेर एल्युमनी सोसाइटी एवं नवोदय ऊर्जा सोसाइटी राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान पूर्व छात्र सुखदेवनाथ, रामनिवास, बुधराम, सुभाष, प्रेमाराम और श्योपत सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।


