बार एसोसिएशन, बीकानेर एवं ज्ञान विधि पी.जी. कॉलेज के संयुक्त तत्वाधान में APO अभ्यर्थियों हेतु निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का हुआ शुभारंभ
बार एसोसिएशन, बीकानेर एवं ज्ञान विधि पी.जी. कॉलेज के संयुक्त तत्वाधान में APO अभ्यर्थियों हेतु निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का हुआ शुभारंभ


- कोर्ट परिसर में पहली बार आयोजित की जा रही हैं निःशुल्क कक्षाएं; 31 अगस्त तक वरिष्ठ अधिवक्ता देंगे मार्गदर्शन
बीकानेर, 10 अगस्त । राजस्थान सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बार एसोसिएशन, बीकानेर एवं ज्ञान विधि पी.जी. महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ सोमवार को किया गया। बार एसोसिएशन बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित तथा कार्यक्रम प्रभारी व वरिष्ठ अधिवक्ता धनराज सोनी ने इन कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ किया।


यह पहला अवसर है जब बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा न्यायालय परिसर के भीतर ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विधि विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए इस प्रकार की निःशुल्क कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अभ्यर्थियों को बिना किसी आर्थिक भार के अनुभवी अधिवक्ताओं एवं विषय विशेषज्ञों का गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।


युवाओं के शैक्षणिक व व्यावहारिक विकास के लिए प्रतिबद्ध
समारोह को संबोधित करते हुए बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि बार एसोसिएशन का ध्येय केवल वकीलों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि विधि विद्यार्थियों एवं युवा अधिवक्ताओं के व्यावसायिक और शैक्षणिक उन्नयन के लिए कार्य करना भी है। कोर्ट परिसर में पढ़ाई करने से अभ्यर्थियों को विधिक विषयों के सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ न्यायालयीन कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होगा।
31 अगस्त तक रोजाना चलेंगी कक्षाएं
कार्यक्रम प्रभारी वरिष्ठ अधिवक्ता धनराज सोनी के निर्देशन में ये कक्षाएं 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक बार एसोसिएशन बीकानेर की लाइब्रेरी में आयोजित की जाएंगी।
उद्घाटन अवसर पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष एडवोकेट मनीष गौड़, ज्ञान विधि महाविद्यालय के डॉ. राकेश बिश्नोई, मोहम्मद इकबाल, एडवोकेट पवन कुमार व्यास, रामनिवास तथा ताराचंद सहित अनेक अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में एपीओ परीक्षा के अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

