गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता द्वारा 105 प्रतिभाओं का होगा सम्मान
गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता द्वारा 105 प्रतिभाओं का होगा सम्मान



- समाजभूषण छोगमल चोपड़ा मेधावी सम्मान’ और करियर गाइडेंस सत्र रहेगा खास
गंगाशहर (बीकानेर), 19 अगस्त । गंगाशहर नागरिक परिषद्, कोलकाता के तत्वावधान में आगामी 21 अगस्त 2026 को दोपहर 2:30 बजे टी.एम. ऑडिटोरियम में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। परिषद् की गंगाशहर समिति के संयोजक ने बताया कि समारोह के लिए गंगाशहर क्षेत्र के कुल 105 होनहार विद्यार्थियों एवं प्रतिभावान व्यक्तियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।


परिषद् के मंत्री मनीष सेठिया के अनुसार, विगत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्तर पर 85 प्रतिशत तथा स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर पर 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त CA, CS, MBBS, IAS, IPS, IIT, IIM जैसे प्रतिष्ठित प्रोफेशनल कोर्सेज में प्रवेश या अंतिम सफलता पाने वाले और खेलकूद, सांस्कृतिक व वैज्ञानिक गतिविधियों में राज्य, राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।



समाजभूषण छोगमल चोपड़ा मेधावी सम्मान
आयोजन प्रभारी सुशील चोपड़ा एवं भैरूंदान सेठिया ने बताया कि इस वर्ष से गंगाशहर क्षेत्र में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष “समाजभूषण छोगमल चोपड़ा मेधावी सम्मान-2026” की शुरुआत की जा रही है।
उच्च माध्यमिक स्तर (95% से अधिक अंक): प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता को ₹11,000, द्वितीय को ₹7,100 तथा तृतीय स्थान प्राप्तकर्ता को ₹5,100 की नकद राशि व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।
माध्यमिक स्तर: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को क्रमशः ₹7,100, ₹5,100 तथा ₹3,100 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
कोलकाता की प्रसिद्ध करियर गाइड नीता नाहटा देंगी मार्गदर्शन
परिषद् के महेंद्र चोपड़ा ने बताया कि समारोह में कोलकाता से समागत प्रतिष्ठित करियर गाइड, सर्टिफाइड फाइनेंशियल प्लानर व ‘Career DNA’ की सह-संस्थापक नीता नाहटा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। 18 से अधिक वर्षों का अनुभव रखने वाली सी.ए. नीता नाहटा युवाओं को उनकी प्रतिभा, रुचि व क्षमताओं के अनुरूप सही करियर चयन और व्यक्तित्व निर्माण विषय पर विशेष मार्गदर्शन एवं परामर्श प्रदान करेंगी।
परिषद् के अध्यक्ष प्रदीप चोपड़ा, बच्छराज रांका एवं आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने समारोह की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।

