भोम प्रदोष पर बीकानेर के शिवालयों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भंडारों का हुआ आयोजन
भोम प्रदोष पर बीकानेर के शिवालयों में पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भंडारों का हुआ आयोजन


बीकानेर ,25 अगस्त। भोम प्रदोष के अवसर पर मंगलवार को बीकानेर शहर के विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक तथा भंडारों का भव्य आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रदोष व्रत रखकर भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद एवं पंचामृत से अभिषेक किया। इसके साथ ही गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ हुए अनेक शिव पूजन एवं रुद्री पाठ अनुष्ठानों का समापन भी हुआ।


कपिल सरोवर में सवा पांच लाख पार्थिव शिवलिंगों का विसर्जन


नत्थूसर बास स्थित जय भवानी धाम (सुभाष महाराज ओझा की बगीची) में बीते 41 वर्षों से चले आ रहे सावन मास के विशेष अनुष्ठान का समापन हुआ। पंडित सुभाष महाराज ओझा के नेतृत्व में 11 वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार और रुद्र संहिता पाठ के बीच कोलायत स्थित प्रसिद्ध कपिल सरोवर में लगभग सवा पांच लाख पार्थिव शिवलिंगों का पूजन, अभिषेक और विसर्जन किया।
इस अवसर पर पंडित सत्यवान ओझा, धीरज ओझा, चंद्र प्रकाश ओझा, जय शंकर देराश्री, मुरलीधर जोशी, आनंद छंगाणी एवं शंकर छंगाणी ने विश्व कल्याण और देश की उन्नति की कामना के साथ 11 पवित्र नदियों के जल से 12 ज्योतिर्लिंगों का पूजन-अभिषेक कर महाआरती की।
विभिन्न मंदिरों में सजीं आकर्षक झांकियां
गौरी शंकर महादेव मंदिर (सीताराम गेट): भोम प्रदोष पर बर्फ के शिवलिंग की विशेष झांकी सजाई गई। फूलों के भव्य श्रृंगार, पूजन और महाआरती के बाद भंडारे का आयोजन किया गया।
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर (विश्वकर्मा गेट): राम मंदिर परिसर में पूर्णिमा से जारी पूजन व अभिषेक अनुष्ठान का मंगलवार को समापन हुआ।
केदारनाथ मंदिर (गंगाशहर घूमचक्कर): संस्थापक फौजराज बांठिया परिवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मंदिर में की गई विशेष रोशनी और केदारनाथ के 3D चित्र आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। रात्रि में भक्ति संध्या का आयोजन हुआ।
