ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या, 24 घंटे में एनकाउंटर में मारा गया आरोपी बलराज
ग्रेटर नोएडा में 6 साल की मासूम की रेप के बाद हत्या, 24 घंटे में एनकाउंटर में मारा गया आरोपी बलराज


नई दिल्ली , 30 अगस्त। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी नृशंस हत्या के आरोपी 32 वर्षीय बलराज को पुलिस ने शनिवार शाम एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया। आरोपी ने बच्ची का शव बोरे में भरकर खेत में फेंक दिया था। वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन हथियार बरामदगी के दौरान उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।


28 अगस्त (शुक्रवार) को हल्दौनी गांव से प्रथम कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश के लिए पांच टीमों का गठन किया। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के दौरान बच्ची के चाचा के मकान में किराए पर रहने वाला मजदूर बलराज फुटेज में बच्ची को साथ ले जाता और बाद में बोरा ढोते हुए नजर आया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।


पूछताछ में बलराज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गांव से दो किलोमीटर दूर एक खेत से बोरे में बंद बच्ची का शव बरामद किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। बच्ची की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर हल्दौनी पुलिस चौकी पर प्रदर्शन और हंगामा किया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शांत कराया।
ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार शाम 5 बजे पुलिस टीम आरोपी को हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कराने ले गई थी। वहां बलराज ने छिपाकर रखी 32 बोर की अवैध पिस्टल निकालकर पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। इस दौरान ईकोटेक-3 थाने के हेड कॉन्स्टेबल रवि कुमार के हाथ में गोली लग गई। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी बलराज की छाती में गोली लगी।
घायल कॉन्स्टेबल और आरोपी बलराज को तत्काल नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरोपी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की डॉक्टर नेहा शर्मा ने बताया कि मरीज को गंभीर हालत में लाया गया था और सीपीआर देने के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मौके से अवैध पिस्टल, 3 खोखे और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक बलराज एक पेशेवर अपराधी और नशे का आदी था।
