

मदुरै, 22 नवम्बर । माजीसा सेवा मंडल, मदुरै के तत्वावधान में श्री माजीसा मंदिर, मदुरै में तेरस के पावन अवसर पर रात्रि जागरण का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। उल्लेखनीय है कि सेवा मंडल की ओर से प्रत्येक तेरस को नियमित रूप से रात्रि जागरण आयोजित किया जाता है, जिसके तहत कार्तिक सुदी तेरस (13) को भी यह भक्तिमय कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हुआ।


कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों ने माजीसा के एक से बढ़कर एक मधुर और भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की स्वर लहरियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी प्रवीण कुमार महाराज ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना सम्पन्न करवाई और भव्य महाआरती के साथ कार्यक्रम का श्रद्धापूर्वक समापन हुआ।



रात्रि जागरण के लाभार्थी गौतमचंद जी, राजकुमार एवं पीयूष कुमार नाहटा परिवार, मदुरै रहे। सेवा मंडल की ओर से लाभार्थी परिवार के प्रति आभार एवं मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए माला पहनाकर सम्मान किया गया। जागरण के दौरान “जसोल री धनियानी माजीसा की जय”, “श्री लाल सा बनासा की जय”, “मदुरै मीनाक्षी माताजी की जय” और “सुन्दरेश्वर भगवान की जय” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा, जिससे उपस्थित भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई।

