डॉ. गिरीराज पारीक की पुस्तक ‘सामंत, ठिकाने और दुर्ग’ का सीकर में विमोचन, इतिहासविदों ने जताया हर्ष
डॉ. गिरीराज पारीक की पुस्तक ‘सामंत, ठिकाने और दुर्ग’ का सीकर में विमोचन, इतिहासविदों ने जताया हर्ष



बीकानेर \ सीकर, 26 सितम्बर । इतिहास और पुरातत्व के महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित डॉ. गिरीराज पारीक की नवीन पुस्तक ‘सामंत, ठिकाने और दुर्ग’ का विमोचन त्रिलोक सिंह रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट, सीकर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान किया गया। इस विमोचन अवसर पर देश के विभिन्न प्रमुख विश्वविद्यालयों एवं शोध संस्थानों से जुड़े ख्यातिलब्ध इतिहासकार और पुरातत्व विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


डॉ. गिरीराज पारीक की इस पुस्तक में बीकानेर रियासत के इतिहास, सामंती व्यवस्था, ठिकानों, ठिकानेदारों तथा उनके दुर्गों से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक पहलुओं को केंद्र में रखा गया है। शोधपरक दृष्टिकोण से लिखी गई यह पुस्तक बीकानेर की ऐतिहासिक विरासत को नए संदर्भों में सामने लाती है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. अमित व्यास ने पुस्तक का विस्तृत रिव्यू प्रस्तुत किया, जिसके उपरांत उपस्थित विद्वानों ने राजस्थान के सामंतों, ठिकानों एवं ऐतिहासिक स्रोतों पर विचार-विमर्श किया।


कार्यक्रम में केरल विश्वविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अजीत कुमार, मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के प्रो. दानिश मोइन, आर्कियोलॉजी एवं एपिग्राफी सोसायटी के अध्यक्ष प्रो. बी. एल. भादानी, इग्नू के पूर्व कुलपति प्रो. रविंद्र कुमार, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. मानवेंद्र पुंडीर, पुरातत्व विभाग के निदेशक डॉ. पंकज धीरेंद्र तथा राजकीय महाविद्यालय पाटन के प्राचार्य डॉ. मदन मीणा सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. रितेश व्यास, गणेश बेरवाल, डॉ. वृंदा दवे और डॉ. निकिता राठौड़ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
