महेश जन सेवा ट्रस्ट का तृतीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह संपन्न
महेश जन सेवा ट्रस्ट का तृतीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह संपन्न



- 32 प्रतिभाओं व सरकारी सेवा में चयनित 6 समाज बंधुओं का नागरिक अभिनंदन
बीकानेर, 27 सितंबर। महेश जन सेवा ट्रस्ट, बीकानेर की ओर से रानी बाजार स्थित जिला उद्योग संघ भवन में ‘तृतीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में माहेश्वरी समाज की शैक्षणिक प्रतिभाओं के साथ-साथ वर्ष 2025-26 में सरकारी सेवा में चयनित हुए 6 समाजबंधुओं का भी अभिनंदन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं महेश वंदना के साथ हुआ। मंच पर नारायण जी सिंघी, कमल राठी, मनोहर सोनी, दाता श्री रामेश्वरनंद जी महाराज, ट्रस्ट अध्यक्ष ओमप्रकाश करनानी एवं अश्वनी कुमार पचीसिया मंचासीन रहे। अतिथियों ने 32 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए उनकी सफलता को समाज के लिए गौरव का विषय बताया।


समारोह के दौरान माहेश्वरी समाज के विभिन्न संगठनों व निकायों के जन प्रतिनिधियों एवं भामाशाहों का भी बहुमान किया गया। इनमें बीकानेर शहर सभा अध्यक्ष सुनील सारडा, नोखा शहर सभा अध्यक्ष किशनगोपाल चितलांगी, श्रीडूंगरगढ़ शहर सभा व नगरपालिका अध्यक्ष नारायण कालानी, देशनोक नगरपालिका अध्यक्ष सरिता मूंधड़ा तथा उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मूंदड़ा शामिल रहे। इसके अलावा समाजसेवी द्वारकाप्रसाद पचीसिया, भामाशाह दिव्या पेड़ीवाल एवं किशन सिंघी का भी स्वागत किया गया।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अश्विनी पचीसिया ने आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, वहीं अध्यक्ष ओमप्रकाश करनानी ने ट्रस्ट के भावी प्रोजेक्ट्स एवं सेवा योजनाओं की जानकारी साझा की।
समारोह में ट्रस्ट मंडल के सदस्य शशि मोहन मूंदड़ा, श्रीराम सिंघी, बृजमोहन चांडक, जगदीश राठी, महेश कोठारी, बालकिशन थिरानी, मनोज कुमार बजाज, अशोक मूंदड़ा, प्रमोद कोठारी एवं महेंद्र गट्टानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन रघुवीर झंवर एवं पूनम पचीसिया ने किया, जबकि अंत में बृजमोहन चांडक ने आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में रोहित बिन्नानी और रोहित पचीसिया का विशेष सहयोग रहा।
