मानक क्लब के विद्यार्थियों ने जाना गंदे पानी को साफ करने का विज्ञान
मानक क्लब के विद्यार्थियों ने जाना गंदे पानी को साफ करने का विज्ञान



- 40 MLD STP वल्लभ गार्डन का किया शैक्षणिक भ्रमण
बीकानेर, 29 सितंबर । भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शिवबाड़ी, बीकानेर में संचालित मानक क्लब की ओर से “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए 40 एमएलडी (MLD) सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), वल्लभ गार्डन का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। मानक क्लब के मेंटर शिक्षक एवं BIS के जिला रिसोर्स पर्सन (RP) व्याख्याता मुकेश मोदी के नेतृत्व में 40 विद्यार्थियों ने इस एक्सपोजर विजिट में भाग लिया।


शैक्षणिक भ्रमण की बस को विद्यालय की प्रधानाचार्य बबीता बिश्नोई, उर्वशी शर्मा, उपप्रधानाचार्य अनुपमा शर्मा, रुपिंदर पुनियानी, सुनीता दोचनिया, व्याख्याता संतोष, अमरदीप गोदारा, वरिष्ठ अध्यापक कीर्ति दुग्गल, त्रिमूर्ति भाटी तथा पीटीआई रामकिशन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। Plant पहुँचने पर एसटीपी टीम के आयुष सिंह, सज्जन जी एवं उनके सहयोगियों ने विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें प्लांट की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया।


सात चरणों में समझी जल शोधन की वैज्ञानिक प्रक्रिया
भ्रमण के दौरान व्याख्याता मुकेश मोदी एवं एसटीपी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जल शोधन की सात प्रमुख प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने देखा कि किस प्रकार स्क्रीनिंग, ग्रिट रिमूवल, प्राथमिक अवसादन, जैविक उपचार (एरेशन), द्वितीयक अवसादन, कीटाणुशोधन तथा उपचारित जल एवं स्लज के पुनः उपयोग की प्रक्रिया संपादित होती है।
मुकेश मोदी ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर प्लास्टिक, कपड़ा व अन्य ठोस कचरा अलग करने के बाद रेत व भारी कणों को हटाया जाता है। फिर विभिन्न टैंकों में जैविक उपचार के माध्यम से पानी को शुद्ध कर सिंचाई व बागवानी योग्य बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और जल संरक्षण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने में सहायक होते हैं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए भोजन एवं अल्पाहार की व्यवस्था की गई। अंत में शिक्षक अमरदीप गोदारा एवं त्रिमूर्ति भाटी ने एसटीपी प्रबंधन एवं पूरी टीम का मार्गदर्शन व सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
