रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी एंबुलेंस, तड़पते घायलों को स्ट्रेचर से क्रॉसिंग पार कराकर दूसरी एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
रेलवे क्रॉसिंग पर फंसी एंबुलेंस, तड़पते घायलों को स्ट्रेचर से क्रॉसिंग पार कराकर दूसरी एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल



- धर्मास गांव के पास हुआ सड़क हादसा
बीकानेर, 29 सितम्बर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के सुजानगढ़ रोड (स्टेट हाईवे-6ए) पर धर्मास गांव के पास सोमवार रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोलेरो जीप में टेंट हाउस का सामान लेकर लौट रहे युवक सामने से आ रहे ट्रक की तेज रोशनी के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर आई नीलगाय से टकराकर पलट गए। हादसे में रिड़ी निवासी रणजीत (20) पुत्र हनुमानराम, मनोज (30) पुत्र भंवरनाथ और इंदपालसर निवासी सुरेंद्र पुत्र विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए।


आधे घंटे तक बंद फाटक पर अटकी रही सांसें


घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस घायलों को लेकर श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल की ओर रवाना हुई, लेकिन रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद होने के कारण एंबुलेंस फंस गई। काफी प्रयासों और मिन्नतों के बावजूद फाटक नहीं खोला जा सका। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे क्रॉसिंग के दूसरी तरफ तत्काल दूसरी एंबुलेंस बुलाई गई। इसके बाद घायलों को स्ट्रेचर पर लिटाकर बंद फाटक के बीच से पैदल पार कराया गया और दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट कर अस्पताल रवाना किया गया। इस पूरी मशक्कत में करीब आधा घंटा लग गया और घायल दर्द से तड़पते रहे। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भाजपा नेताओं ने निभाई मानवीयता
हादसे के वक्त इंदपालसर गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह से लौट रहे भाजपा नेताओं ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखा और तुरंत अपनी गाड़ियां रुकवाईं। भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका उपाध्यक्ष विनोद गिरी गुंसाई, पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी, भवानी तावणियां तथा चांद रतन घोटिया ने मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला, उन्हें पिकअप गाड़ी से श्रीडूंगरगढ़ भिजवाया तथा एंबुलेंस को सूचित किया।
