लेखा विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार चूरा का मुरलीधर व्यास नगर में हुआ नागरिक अभिनंदन
लेखा विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार चूरा का मुरलीधर व्यास नगर में हुआ नागरिक अभिनंदन



विधायक जेठानंद व्यास व विश्वविद्यालय के कुलगुरुओं ने सराहा


बीकानेर, 01 अक्टूबर । शहर के ख्यातनाम लेखा विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार चूरा का बुधवार देर शाम मुरलीधर व्यास नगर में आयोजित एक भव्य समारोह में नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU) के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (RAVASU) के कुलगुरु प्रो. सुमंत व्यास, वरिष्ठ कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी तथा पुष्टिकर यूथ विंग के अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा बतौर अतिथि मंचस्थ रहे।


डॉ. चूरा ने कर्मठता और सामाजिक सरोकारों से बनाई पहचान – विधायक व्यास
समारोह को संबोधित करते हुए बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि डॉ. दिनेश कुमार चूरा ने लेखा विशेषज्ञ के रूप में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी कार्यक्षमता, अनुभव और सामाजिक क्षेत्र में निरंतर सक्रियता सराहनीय है। समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़कर उन्होंने सामाजिक सरोकारों को मजबूती प्रदान की है।
समर्पण और कर्म की सदैव होती है पूजा
बीटीयू के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि अपने कार्य के प्रति समर्पित व्यक्ति न केवल स्वयं सफलता प्राप्त करता है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बनता है। डॉ. चूरा का कार्य और समर्पण नई पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है। वहीं, राजूवास के कुलगुरु प्रो. सुमंत व्यास ने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से नहीं बल्कि कर्मों से होती है। डॉ. चूरा ने अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बखूबी निर्वहन किया है। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र जोशी ने भी डॉ. चूरा के व्यक्तित्व और कृतित्व की मुक्तकंठ से सराहना की।
समारोह में ये गणमान्य जन रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ. हरि शंकर आचार्य ने किया। स्वागत भाषण पुष्टिकर यूथ विंग के अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने दिया तथा धन्यवाद ज्ञापन सुभाष जोशी द्वारा व्यक्त किया गया। मंच संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
इस अवसर पर कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित, कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान प्रो. एन.के. शर्मा, पूर्व वित्त नियंत्रक अरविंद सिंह शेखावत, कर्मचारी नेता महेश व्यास, सीए राम मोहता, डॉ. आशीष जोशी, वीरेन्द्र किराडू, बाबूलाल छंगाणी, पूर्व पार्षद शिव कुमार रंगा तथा वित्त नियंत्रक पवन कस्वा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
