बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा अध्यक्ष संजय करनाणी का नागरिक अभिनंदन
बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा अध्यक्ष संजय करनाणी का नागरिक अभिनंदन

- शहर सभा की कार्यप्रणाली को लेकर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर, 04 अक्टूबर । स्थानीय विश्वकर्मा गेट के अंदर स्थित माहेश्वरी भवन (भाग सं. 1) में रविवार को बीकानेर माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं कार्यकारी मंडल सदस्यों (पार्षदों) द्वारा बीकानेर जिला माहेश्वरी सभा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष संजय करनाणी का भव्य स्वागत व अभिनंदन किया गया।


शहर सभा की असंवैधानिक गतिविधियों पर प्रकट किया रोष


अभिनंदन समारोह के पश्चात आयोजित बैठक के दौरान समाज के गणमान्य प्रबुद्धजनों एवं वर्तमान चयनित पार्षदों ने माहेश्वरी सभा (शहर), बीकानेर की वर्तमान कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष और रोष व्यक्त किया। उपस्थित पार्षदों का आरोप है कि वर्तमान में शहर सभा द्वारा कार्यकारी मंडल सदस्यों के संवैधानिक अधिकारों और समाज की स्थापित नियमावली को दरकिनार कर एकतरफा व हठधर्मिता पूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं, जो समाज हित में नहीं हैं।
जिलाध्यक्ष करनाणी को सौंपा ज्ञापन, उचित कार्रवाई का आश्वासन
कार्यकारी मंडल सदस्यों ने अपनी मांगों व शिकायतों को लेकर जिलाध्यक्ष संजय करनाणी को एक हस्ताक्षरित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में शहर सभा की असंवैधानिक गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने तथा समाज के नियमों के अनुरूप कार्यप्रणाली संचालित कराने का आग्रह किया गया।
उद्बोधन के दौरान जिलाध्यक्ष संजय करनाणी ने बीकानेर माहेश्वरी समाजबंधुओं द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत व सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने पार्षदों व समाजबंधुओं द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संवैधानिक दायरे में उचित कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन दिया।
