

- ऑनलाइन एग्जामिनेशन मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च
बीकानेर, 18 नवंबर । स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा संबंधी कार्य अब पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध हो गए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा विकसित किए गए आधुनिक ‘ऑनलाइन एग्जामिनेशन मैनेजमेंट सिस्टम’ (मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल) को कुलगुरु प्रो. आर. बी. दुबे ने बुधवार को आधिकारिक रूप से लॉन्च किया। यह नई व्यवस्था वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 से विश्वविद्यालय के सभी संघटक एवं संबद्ध कृषि एवं सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए लागू कर दी गई है।


विद्यार्थियों को मिलेंगी ये प्रमुख ऑनलाइन सुविधाएं



आसान परीक्षा फॉर्म व शुल्क भुगतान: विद्यार्थियों को अब बार-बार फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी। वे घर बैठे मोबाइल ऐप और पोर्टल के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भरने के साथ-साथ परीक्षा शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन कर सकेंगे।
प्रवेश पत्र और परिणाम: छात्र आसानी से अपने एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) डाउनलोड कर सकेंगे और परीक्षा परिणाम भी सीधे ऑनलाइन देख पाएंगे।
डिजी लॉकर और पुनर्मूल्यांकन: इस प्रणाली से परीक्षा परिणामों में अनावश्यक देरी नहीं होगी और विद्यार्थियों को डिजी लॉकर जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही, पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के लिए भी इसी ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
कुलगुरु और परीक्षा नियंत्रक के विचार
कुलगुरु प्रो. आर. बी. दुबे ने इस पहल को विश्वविद्यालय की प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और परीक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से यह अनूठी सुविधा पहली बार उपलब्ध करवाई गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी. एस. आचार्य ने जानकारी दी कि इस पूरी प्रणाली को विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाया गया है। कार्यक्रम के दौरान परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की टीम द्वारा सभी महाविद्यालयों के डीन, प्राचार्यों और तकनीकी अधिकारियों को पोर्टल व मोबाइल ऐप के संचालन का विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया।
इस अवसर पर फैकल्टी चेयरमैन कृषि डॉ. विजय प्रकाश, फैकल्टी चेयरमैन सामुदायिक विज्ञान डॉ. वीर सिंह, डीन डॉ. राजेश वर्मा, निदेशक छात्र कल्याण डॉ. एच. एल. देशवाल और परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी. एस. आचार्य सहित विभिन्न महाविद्यालयों के डीन व प्राचार्य ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक नियंत्रक परीक्षा डॉ. अर्जुन लाल यादव ने सभी का आभार व्यक्त किया।

