इंदिरा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में होगा भव्य आयोजन
इंदिरा एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में होगा भव्य आयोजन

- दिल्ली के फूलों से सजेगा दरबार, दिनभर खुले रहेंगे पट
बीकानेर, 05 अक्टूबर । पितृपक्ष के दौरान मंगलवार, 6 अक्टूबर को आने वाली पावन ‘इंदिरा एकादशी’ के अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में विशेष धार्मिक महोत्सव आयोजित किया जाएगा। एकादशी के उपलक्ष्य में दिनभर मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खुले रहेंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट द्वारा सुगम दर्शन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।


दिल्ली के फूलों से होगा बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार


इस विशेष अवसर पर मंदिर परिसर एवं खाटू श्याम बाबा के मुख्य दरबार को भव्य रूप से सजाया जाएगा। दिल्ली से विशेष रूप से मंगवाए गए रंग-बिरंगे एवं सुवासित फूलों से बाबा श्याम का मनोहारी एवं आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
पितृपक्ष की एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व-के.के. शर्मा
श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष के.के. शर्मा ने बताया कि पितृपक्ष में आने वाली इंदिरा एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना व व्रत करने से जो पुण्य प्राप्त होता है, उसे अपने पूर्वजों को समर्पित करने से उन्हें यमलोक की यातनाओं से मुक्ति और मोक्ष (सद्गति) की प्राप्ति होती है।
दान-पुण्य, तर्पण व जीवदया का संदेश
अध्यक्ष शर्मा ने बताया कि इस दिन श्रद्धालु अपने पितरों की शांति के लिए जल एवं काले तिल से तर्पण करते हैं। इसके साथ ही सामर्थ्य अनुसार गरीबों, जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को अन्न व वस्त्र दान करने तथा भोजन का एक हिस्सा गोवंश व अन्य मूक जीवों को अर्पित करने की परंपरा है। यह पर्व केवल पूजा-व्रत तक सीमित न रहकर सेवा, दान और करुणा का संदेश देता है। इंदिरा एकादशी के अवसर पर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
