बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार

वन्यजीव सप्ताह-2026 के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता, प्रकृति भ्रमण एवं वन्यजीव जागरूकता गतिविधियों का आयोजन


बीकानेर, 05 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से वन्यजीव सप्ताह-2026 के अंतर्गत सोमवार को विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता, प्रकृति भ्रमण एवं वन्यजीव जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पवनपुरी दक्षिण विस्तार में “सिकुड़ता आवास, वन्यजीवों पर गहराता संकट” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।


डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता में बीकानेर शहर के 12 सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के लगभग 53 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने वन्यजीवों के समक्ष बढ़ते संकट, प्राकृतिक आवासों के निरंतर सिकुड़ने, मानव-वन्यजीव संघर्ष तथा वन्यजीव संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार निबंधों के माध्यम से प्रस्तुत किए।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती किरण पांचारिया एवं उपाचार्य श्रीमती रचना गुप्ता के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन श्री वनीष मेहता तथा संचालन श्रीमती मुक्ता तैलंग ने किया। निर्णायक मंडल में श्री राम कुमार कासनिया, श्री भूपेंद्र जैन, श्रीमती नीलम शर्मा एवं श्रीमती विभा महर्षि शामिल रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
वन विभाग की ओर से कपिल कुमार, सहायक वनपाल एवं कमल कुमार उपस्थित रहे। मेहरा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह में पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व में विद्यार्थियों की नेचर विजिट
डीएफओ वाइल्डलाइफ तरुण मेहरा ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता से पूर्व विद्यार्थियों को जोड़बीड़ कंजर्वेशन रिजर्व की शैक्षणिक एवं प्रकृति भ्रमण यात्रा करवाई गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थार मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र, स्थानीय जैव विविधता, वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, उनके संरक्षण तथा मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र में विभिन्न प्रजातियों की भूमिका से अवगत कराया गया।इस नेचर विजिट में वनरक्षक श्री गजेन्द्र सिंह का सहयोग रहा।
मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण
डीएफओ वाइल्डलाइफ तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत वेटरनरी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। भ्रमण का आयोजन डॉ. जय प्रकाश प्रोफेसर, वेटरनरी कॉलेज के मार्गदर्शन में हुआ।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को चिड़ियाघर में रखे जाने वाले वन्यजीवों के स्वास्थ्य प्रबंधन, पशु चिकित्सा देखभाल, रोगों की रोकथाम एवं उपचार, पोषण प्रबंधन तथा समयबद्ध वेटरनरी केयर के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीवों के स्वास्थ्य एवं प्रबंधन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
पब्लिक पार्क चौपाटी में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पब्लिक पार्क चौपाटी में आयोजित वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी आमजन के लिए दोपहर 3:00 बजे से शाम 8:00 बजे तक खुली रही।
प्रदर्शनी में वन्यजीवों, प्राकृतिक परिवेश एवं जैव विविधता से संबंधित आकर्षक छायाचित्र प्रदर्शित किए गए। प्रदर्शनी देखने के लिए शहर के बड़ी संख्या में नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। छायाचित्रों के माध्यम से आमजन को वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीव, प्रकृति एवं जैव विविधता से जोड़ना तथा प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता एवं जागरूकता विकसित करना है।
=============
सेवा सेतु अभियान-2026, बीकानेर विकास प्राधिकरण क्षेत्र में होंगे विभिन्न कार्य
सात से 16 अक्टूबर तक आयोजित होगा अभियान, लंबित प्रकरणों का होगा निस्तारण
बीकानेर, 5 अक्टूबर। नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार बीकानेर विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सेवा सेतु अभियान-2026 का आयोजन 7 से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभियान के दौरान आमजन से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने के साथ आवश्यक शहरी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
बीकानेर विकास प्राधिकरण के सचिव श्री हेमेंद्र नागर ने बताया कि रविवार को छोड़कर अभियान अवधि में प्रातः 10 से सायं 6 बजे तक बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में विभिन्न सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विकास एवं रख-रखाव से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करवाया जाएगा।
प्राधिकरण क्षेत्र में सीसी एवं डामर सड़कों की मरम्मत व पैचवर्क, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा जनसुरक्षा एवं महिला सुरक्षा की दृष्टि से अंधेरी एवं सुनसान सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य करवाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों, डिवाइडर एवं पार्कों के रख-रखाव तथा सौंदर्यीकरण, नालियों की मरम्मत एवं फेरो कवर और मैनहोल की मरम्मत के कार्य भी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अनुमोदित योजनाओं के पट्टे, 60-सी के अंतर्गत पट्टे, उपविभाजन एवं पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र तथा भवन निर्माण स्वीकृति सहित अन्य प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। लीजहोल्ड से फ्रीहोल्ड पट्टे जारी करने के साथ विभिन्न राजकीय विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों पर भी स्वीकृतियां जारी की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त शहरी सेवा शिविर-2026 एवं शहर चलो अभियान-2025 के दौरान लंबित रहे प्रकरणों का भी सेवा सेतु अभियान के तहत निस्तारण किया जाएगा।
प्राधिकरण सचिव श्री नागर ने आमजन से अभियान के दौरान उपलब्ध सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्यवाही करने का आह्वान किया।
======
बुधवार को होगा डाक अदालत का आयोजन
बीकानेर, 5 अक्टूबर। डाकघर अधीक्षक कार्यालय में 7 अक्टूबर (बुधवार) को सुबह 11 से 12 बजे तक डाक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
डाकघर अधीक्षक ने बताया कि डाक अदालत में काउंटर सेवाएं, मनीऑर्डर, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, स्पीड-पोस्ट, पार्सल, बीमाकृत वस्तुएं, विदेशी डाक वस्तुएं जैसी अन्य डाकघर से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डाक अदालत के लिए आवेदन पत्र एवं लिफाफे पर ‘डाक अदालत’ लिखकर कार्यालय में भेजा जाए। साथ ही उपभोक्ता वीडियो कांफ्रेंस लिंक (http://meet.google.com/nko-hcpp-biy) के माध्यम से भी जुड़ सकते हैं। शिकायतकर्ता डाक अदालत में व्यक्तिगत रूप से भी उपस्थित हो सकते हैं।
********
पुष्य नक्षत्र पर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित
92 बच्चों को कराया गया निःशुल्क स्वर्णप्राशन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह
बीकानेर, 5 अक्टूबर। राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के बाल रोग विभाग द्वारा पुष्य नक्षत्र के अवसर पर सोमवार को बच्चों के लिए निःशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ प्राचार्य प्रतिनिधि डॉ. सुरेश सैनी एवं उप अधीक्षक सुरजीत कौर की उपस्थिति में धन्वंतरि पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कैलाश कटारिया एवं डॉ. आशा खत्री द्वारा कुल 92 बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन कराया गया।
बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में भव्य शर्मा, स्नेहा, विधि, गुरुदिता सिंह, प्रद्युम्न सोनी, मनप्रीत कौर, मनन, राधिका, लक्ष्मी, मिहिका एवं दक्ष विजेता रहे।
विजेता बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए आयुर्वेदिक औषधि निर्माता कंपनी चरक की ओर से श्री दीपक एवं श्री नखत सिंह द्वारा बच्चों को उपहार प्रदान किए गए।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. हंसराज चौधरी, डॉ. जयदीप गोठवाल, डॉ. के.सी. अरोड़ा, डॉ. लालचंद, नर्स उमा पाल, नर्स विजयलक्ष्मी सहित समस्त चिकित्सा स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
=======
15 दिन से अधिक लंबित एक भी परिवेदना नहीं रहे; कम संतुष्टि स्तर वाले विभागों को प्रदर्शन सुधारने के निर्देश
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने ली संपर्क पोर्टल की समीक्षा बैठक
बीकानेर, 05 अक्टूबर। जिला कलेक्टर निशांत जैन ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित एवं निस्तारित परिवेदनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं का 15 दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 दिन से अधिक समय से लंबित एक भी परिवेदना संपर्क पोर्टल पर नहीं रहनी चाहिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों में 15 दिन से अधिक समय से परिवेदनाएं लंबित हैं, वे उनका प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय, रीको, पंजीयन एवं मुद्रांक तथा खान एवं भूविज्ञान सहित ऐसे विभाग, जहां परिवेदनाओं के निस्तारण में अधिक समय लग रहा है, को 15 दिन के भीतर लंबित प्रकरणों के निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कृषि विपणन बोर्ड, राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम, राजस्थान राज्य सहकारी समिति बैंक सहित अन्य विभागों में परिवेदनाओं के निस्तारण के बाद प्राप्त संतुष्टि स्तर कम रहने पर संबंधित अधिकारियों को इसमें सुधार लाने तथा परिवेदनाओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कम समय में निस्तारण करने वाले विभागों की सराहना
जिला कलेक्टर ने रोडवेज, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, जोधपुर डिस्कॉम, महिला अधिकारिता एवं कौशल विकास सहित उन विभागों की सराहना की, जिन्होंने परिवेदनाओं का निस्तारण 15 दिन से कम समय में किया है। उन्होंने कहा कि इन विभागों का संपर्क पोर्टल पर प्रदर्शन अच्छा रहा है। सीडीईओ श्री अरुण शर्मा ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 10 दिन से भी कम करने का प्रयास किया जाएगा।
80 प्रतिशत से अधिक रहा संतुष्टि स्तर
बैठक में बताया गया कि तकनीकी शिक्षा, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जेल तथा कॉलेज शिक्षा सहित विभिन्न विभागों में परिवेदनाओं के निस्तारण का संतुष्टि स्तर 80 प्रतिशत से अधिक रहा।
बैठक में एडीपीएस श्रीमती सुमन शर्मा ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर बीकानेर जिले की राजस्थान में 13वीं रैंकिंग है। सितंबर माह में परिवेदनाओं के निस्तारण का औसत समय 18 दिन रहा।
बैठक में बीडीए कमिश्नर सुश्री धायगुडे स्नेहल नाना, डीएफओ जी.वैंकटेश, एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू, आईएएस मनु गर्ग, एडीपीएस श्रीमती सुमन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
=========
नारी निकेतन में मनाया गया महिला एवं बालिका कल्याण दिवस, बालिकाओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बीकानेर, 5 अक्टूबर। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चल रहे समाज कल्याण सप्ताह के अंतर्गत पांचवें दिन सोमवार को नारी निकेतन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महिला एवं बालिका कल्याण दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार गहलोत ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय महिला परिषद, बीकानेर की अध्यक्ष डॉ. किरण सिंह तंवर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. किरण सिंह तंवर ने नारी निकेतन एवं बालिका गृह की आवासिनियों और बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण का महत्व समझाया। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए प्रेरित किया।
नारी निकेतन की अधीक्षक डॉ. शारदा देवी ने राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही, समाज में फैली कुरीतियों और बुराइयों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए महिलाओं और बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था परिसर की बालिकाओं और आवासिनियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महिला अधिकारिता विभाग की ओर से आवासिनियों के साथ मिलकर रंगोलियां बनाई गईं और उनके साथ संवाद किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने सभी मेहमानों का धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।
====
उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए शिक्षण संस्थानों के पंजीयन और फीस स्ट्रक्चर अद्यतन करने की अंतिम तिथि बढ़ाई
बीकानेर, 5 अक्टूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत शिक्षण संस्थानों द्वारा नवीन पंजीयन, पूर्व में पंजीकृत संस्थानों की मान्यता और पाठ्यक्रमवार फीस स्ट्रक्चर अद्यतन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा गया है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि पहले इसके लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 अक्टूबर, 2026 कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान छात्रवृत्ति पोर्टल पर विद्यार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए अंतिम तिथि 31 मार्च, 2027 निर्धारित की गई है।
उन्होंने जिले के सभी राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों और संचालकों को इस निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्त औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं ताकि विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
====
पंचायत राज आम चुनाव-2026ः जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सहप्रभारियों की ली बैठक
निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों की हो अक्षरशः अनुपालना
बीकानेर, 5 अक्टूबर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर समस्त रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों एवं सहप्रभारियों की बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयाजित हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में तीन चरणों में चुनाव होंगें। पहले चरण के लिए लोकसूचना 8 अक्टूबर को जारी होगी। इसके मद्देनजर पहले चरण में नामांकन से जुड़ी सभी तैयारियां कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सभी रिटर्निंग अधिकारी मतदान केन्द्रों का सत्यापन कर लें। मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण का कार्य भी कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के समस्त निर्देशों को भली भांति अध्ययन कर लें तथा इनकी अक्षरशः अनुपालना की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों के समयबद्ध सम्पादन के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन करते हुए प्रभारी-सह प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। प्रत्येक प्रकोष्ठ से जुड़े कार्य प्रारम्भ हो जाएं। उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण समयबद्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि आचार संहिता की पालना की जाए। इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं हो। आयोग को भेजे जाने वाली समस्त रिपोट्र्स समय पर भेजी जाएं। सांख्यिकी विभाग भी आंकड़ों को समयबद्ध अपडेट करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मतदान दलों की रवानगी स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हों। नियंत्रण कक्ष एक्टिव रहे तथा किसी प्रकार की क्वेरी का अविलम्ब जवाब दिया जाए। नियुक्ति प्रकोष्ठ द्वारा मतदान दलों के गठन से जुड़ी कार्यवाही समयबद्ध की जाए। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रकोष्ठ द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली और आगामी गतिविधियां जिला स्तर पर तैयार कलैण्डर के अनुसार करने के निर्देश दिए।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती स्नेहल धायगुडे नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक शैलेन्द्र देवड़ा, अतिरिक्त कलक्टर (नगर) श्रीमती रीना, उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, जिला निर्वाचन कार्यालय में विशेषाधिकारी सुश्री स्वाति शर्मा, प्रशिक्षु आइएएस मनु गर्ग सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी-सहप्रभारी मौजूद रहे। वहीं रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
=====
जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित
युवाओं को उद्योग और तकनीकी संस्थानों का करवाएं भ्रमण-जिला कलेक्टर
बीकानेर, 5 अक्टूबर। जिला कौशल समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक को राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए स्थानीय औद्योगिक इकाइयों, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा इंजीनियरिंग कॉलेज आदि में भ्रमण आयोजित करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी क्षेत्रों की कार्यप्रणाली समझने के साथ रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के लिए वर्षभर का कैलेंडर तैयार किया जाए, जिससे निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकाधिक विद्यार्थियों को इन संस्थानों का भ्रमण करवाया जा सके।
जिला कलेक्टर ने कहा कि आईटीआई एवं राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम (आरएसएलडीसी) से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को सरकारी कार्यालयों के जरिए उद्यमिता और सम्बन्धित ट्रेंड के कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाए।
आरएसएलडीसी के जिला प्रबंधक श्री विवेक शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 9 प्रशिक्षण केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 6 केंद्रों का निर्धारित मानदंडों के अनुसार निरीक्षण किया जा चुका है। शेष केंद्रों का भी शीघ्र निरीक्षण किया जाएगा और सभी केंद्रों में प्रशिक्षण जल्दी प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक में संभागीय रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक हरगोबिंद मित्तल, उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैन गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डॉ रामगोपाल शर्मा, सयुंक्त श्रम आयुक्त प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
=====
उपक्षेत्रीय रोजगार कार्यालय का कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम आयोजित
25 कंपनियों ने 250 पदों के लिए आयोजित की चयन प्रक्रिया, 90 अभ्यर्थियों का चयन, 160 शॉर्टलिस्ट
बीकानेर, 5 अक्टूबर। उप क्षेत्रीय रोजगार केंद्र द्वारा सोमवार को बेसिक पीजी कॉलेज में कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रोजगार एवं करियर से जुड़े आयोजन में 25 कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों द्वारा 250 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई, जिसमें 400 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें से 90 अभ्यर्थियों का विभिन्न चरणों में चयन किया गया तथा उन्हें रोजगार प्रस्ताव एवं ऑफर लेटर प्रदान किए गए। वहीं 160 अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानन्द व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव यशपाल आहुजा, पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत, प्रकाश व्यास, दीपक व्यास एवं सुश्री अपर्णा आचार्य सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास एवं प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।
उप क्षेत्रीय रोजगार केंद्र के उपनिदेशक श्री हरगोबिंद मित्तल ने स्वागत उत्पादन दिया तथा कार्यक्रम की अवधारणा के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा रोजगार मेलों के साथ केंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम भी सतत् रूप से आयोजित किया जा रहे हैं।
मुख्य अतिथि जेठानन्द व्यास ने कहा कि युवाओं के लिए केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। रोजगार के लिए आवश्यक कौशल एवं व्यावहारिक दक्षताओं का विकास भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं को रोजगार एवं उद्योग जगत से जोड़ने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की।
महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री यशपाल आहूजा ने कहा कि उच्च शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान प्रदान करने के साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने और अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
आयोजन के दौरान अभ्यर्थियों के लिए कौशल परीक्षण, करियर काउंसलिंग, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तिगत साक्षात्कार तथा रेज्यूमे संबंधी मार्गदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की प्रतिभा एवं योग्यता का आकलन किया और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुरेश पुरोहित ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल और उद्योग जगत की आवश्यकताओं से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को रोजगार की वास्तविक चयन प्रक्रिया को समझने और आत्मविश्वास के साथ उसमें भाग लेने का अवसर देते हैं।
महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामजी व्यास ने कहा कि संस्था विद्यार्थियों को शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले कंपनियों के प्रतिनिधियों, रोजगार विभाग, अतिथियों, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रोशनी शर्मा ने बताया कि आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
================
