श्री जैन गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण से लौटा
श्री जैन गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण से लौटा

- देवभूमि उत्तराखंड की सुरम्य वादियों के जाने अनुभव
बीकानेर, 07 अक्टूबर । देवभूमि उत्तराखंड की पांच दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर गया श्री जैन गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का दल बुधवार को बीकानेर लौट आया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्या डॉ. संध्या सक्सेना सहित संकाय सदस्यों ने छात्राओं एवं दल के सदस्यों का बीकानेर आगमन पर भव्य स्वागत किया।


ऋषिकेश, मसूरी व धनोल्टी की प्राकृतिक व सांस्कृतिक विरासत को जाना


मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि अरुण सक्सेना, डॉ. लता व्यास एवं सुश्री रेणु शर्मा के नेतृत्व में गए दल ने उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया। छात्राओं ने ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी एवं धनोल्टी सहित आसपास के सुरम्य स्थलों के मनोहारी दृश्यों का आनंद लिया और वहां की भौगोलिक, प्राकृतिक तथा सांस्कृतिक विशेषताओं को करीब से समझा।
छात्राओं ने साझा किए अनुभव, बताया अविस्मरणीय यात्रा
यात्रा से लौटने के बाद छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में सदैव चिरस्थायी रहेगी। छात्राओं ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और शैक्षणिक भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों ने उन्हें बेहद प्रभावित किया है।
व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं शैक्षणिक भ्रमण-अरुण सक्सेना
दल के नेतृत्वकर्ता अरुण सक्सेना ने बताया कि छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इस यात्रा का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और सामाजिक दृष्टिकोण को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
