अजीत फाउंडेशन द्वारा सृजन सौरभ लक्ष्मीनारायण रंगा दो दिवसीय समारोह 17-18 अक्टूबर को
अजीत फाउंडेशन द्वारा सृजन सौरभ लक्ष्मीनारायण रंगा दो दिवसीय समारोह 17-18 अक्टूबर को

बीकानेर, 07 अक्टूबर । अजीत फाउंडेशन द्वारा ख्याति प्राप्त कीर्तिशेष वरिष्ठ साहित्यकार, रंगकर्मी, चिंतक एवं शिक्षाविद लक्ष्मीनारायण रंगा के रचना संसार, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित दो दिवसीय समारोह “सृजन सौरभ लक्ष्मीनारायण रंगा” आगामी 17 और 18 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। अजीत फाउंडेशन सभागार में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य ध्येय परम श्रद्धेय रंगाजी के वृहद साहित्यिक योगदान से वर्तमान युवा पीढ़ी को अवगत कराना और उनके प्रति वैचारिक समझ विकसित करना है।


प्रथम दिन: पुस्तक प्रदर्शनी और रंगाजी की रचनाओं का काव्य पाठ


समारोह के पहले दिन, शनिवार 17 अक्टूबर को सायं 5:15 बजे लक्ष्मीनारायण रंगा द्वारा रचित हिंदी एवं राजस्थानी पुस्तकों की भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ किया जाएगा। इसके उपरांत युवा कवि व कवयित्रियों द्वारा रंगाजी की हिंदी-राजस्थानी कविताओं तथा गजलों का वाचन किया जाएगा। इस सत्र की अध्यक्षता प्रसिद्ध व्यंग्यकार बुलाकी शर्मा करेंगे तथा मुख्य अतिथि वरिष्ठ शायर जाकिर अदीब होंगे। काव्य पाठ सत्र में विप्लव व्यास, आनंद पुरोहित ‘मस्ताना’, मोहम्मद मोईनुद्दीन ‘मुईन’, डॉ. शकीला बानो, अक्षिता जोशी, आनंद छंगाणी, महक आचार्य एवं भावना स्वामी रंगाजी की रचनाओं का सस्वर पाठ प्रस्तुत करेंगे।
द्वितीय दिन: ‘साहित्य-रंगकर्म एवं शिक्षा’ पर मुख्य व्याख्यान
समारोह के दूसरे दिन, रविवार 18 अक्टूबर को सायं 5:15 बजे लक्ष्मीनारायण रंगा के रचना संसार “साहित्य-रंगकर्म एवं शिक्षा” विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें युवा कथाकार हरीश बी. शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में विचार व्यक्त करेंगे। इस सत्र की अध्यक्षता हिंदी एवं राजस्थानी के मूर्धन्य साहित्यकार मालचंद तिवाड़ी करेंगे।
तैयारियां जारी, प्रबुद्धजनों को भेजा जा रहा निमंत्रण
इस पूरे समारोह के संयोजन में राजस्थानी के वरिष्ठ साहित्यकार कमल रंगा का विशेष सहयोग रहेगा, जबकि दो दिवसीय कार्यक्रम का संचालन समारोह समन्वयक संजय श्रीमाली द्वारा किया जाएगा। अजीत फाउंडेशन द्वारा शहर के साहित्यकारों, रंगकर्मियों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों को इस साहित्यिक आयोजन में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
