बीकानेर पंचायत चुनाव 2026- नगर निगम के बाद ग्रामीण इलाकों में भी कांग्रेस का परचम, भाजपा के लिए आत्ममंथन की घड़ी

बीकानेर पंचायत चुनाव 2026- नगर निगम के बाद ग्रामीण इलाकों में भी कांग्रेस का परचम
mmtc 31 oct 2026
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026

बीकानेर, 21 नवम्बर । नगर निगम चुनाव में मिली हार के बाद अब पंचायत चुनाव 2026 के नतीजों ने भी भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय संगठन और विधायकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में चार चरणों में हुए मतदान के बाद घोषित परिणामों में कांग्रेस ने एकतरफा बढ़त बनाते हुए ग्रामीण राजनीति में अपना दबदबा कायम रखा है।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

41 सदस्यीय जिला परिषद में कांग्रेस ने 30 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को महज 8 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा है। इसके अलावा 15 पंचायत समितियों के 263 वार्डों में भी कांग्रेस ने 155 सीटों पर कब्जा जमाया है, वहीं भाजपा 65, आरएलपी 28, निर्दलीय 12 और माकपा 3 सीटों पर सिमट गई है।

pop ronak
bhikharam chandmal advertisment change 24 oct 2026

इन चुनावों में बीकानेर सांसद और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की प्रतिष्ठा भी दांव पर थी, हालांकि टिकट वितरण से लेकर चुनाव प्रचार तक पूरी कमान देहात संगठन और स्थानीय विधायकों के हाथों में रही। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि परिणामों के पीछे केंद्रीय नेतृत्व से ज्यादा स्थानीय विधायकों के प्रति जनता की नाराजगी और जमीनी स्तर पर संगठन की निष्क्रियता बड़ी वजह रही है। शहरी निकाय चुनाव में शहर भाजपा की कमजोरी के बाद अब देहात भाजपा का लचर प्रदर्शन पार्टी के लिए दोहरे झटके जैसा है।

जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के लिहाज से देखें तो खाजूवाला, कोलायत, लूणकरणसर और श्रीडूंगरगढ़ में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा के क्षेत्र लूणकरणसर और विधायक ताराचंद सारस्वत के क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में स्थानीय मुद्दों व ट्रोमा सेंटर जैसे जनसरोकार के कार्यों में देरी को लेकर मतदाताओं की नाराजगी खुलकर सामने आई। कोलायत में आंतरिक गुटबाजी भी पार्टी को भारी पड़ी। दूसरी ओर, दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के प्रभाव वाले क्षेत्र में उनकी पुत्रवधू निकिता डूडी ने वार्ड संख्या 13 से बड़ी जीत दर्ज कर परिवार की राजनीतिक विरासत को मजबूती दी है, जिसमें देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की सक्रियता की अहम भूमिका रही।

जिले में कांग्रेस के एकमात्र विधायक वाले क्षेत्र नोखा में जरूर भाजपा का प्रदर्शन अन्य क्षेत्रों की तुलना में कुछ बेहतर रहा, जहां पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई और देहात संगठन की मेहनत से पार्टी ने कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी। वहीं, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने जिला परिषद की 2 और पंचायत समितियों की 28 सीटों पर जीत हासिल कर बीकानेर की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों में त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

चुनावी नतीजों के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा है कि पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करेगी और कमियों को दूर कर नए सिरे से जनता की सेवा में जुटेगी। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने संगठन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पुराने व निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी को इस हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। अब सभी की निगाहें 25 नवंबर को होने वाले जिला प्रमुख और 27 नवंबर को होने वाले पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव पर टिकी हैं।

adv change on 24 oct 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *