बच्चों ने एक दिन जैन मुनि की भांति व्यतीत कर प्राप्त की साधुपन की अनुभूति

बच्चों ने एक दिन जैन मुनि की भांति व्यतीत कर प्राप्त की साधुपन की अनुभूति
quicjZaps 15 sept 2025
  • मोबाइल युग में संस्कारों से जुड़ने की अनूठी पहल, ओघा और मुंहपट्टी धारण कर बच्चों ने की गोचरी

चेन्नई, 9 अक्टूबर । चेन्नई के ट्रिप्लीकेन स्थित तेरापंथ भवन में डॉ. मुनिश्री पुलकित कुमार जी एवं नचिकेता मुनि आदित्य कुमार जी के मंगल सानिध्य में ‘डे लाइक ए मोंक’ (एक दिन साधुपन जैसा) अनुभूति शिविर का भव्य आयोजन किया गया। तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप) चेन्नई के तत्वावधान में तेरापंथ किशोर मंडल द्वारा आयोजित इस दिनभर के शिविर में बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ संयमित जीवन का आनंद और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

प्रवचन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. मुनिश्री पुलकित कुमार जी ने कहा कि मुनि जीवन का आनंद अपरिमित है, जो आत्मसंयम की प्रेरणा जगाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जीवन में सहजता और सरलता का विकास ही वास्तविक साधुपन है। मुनिश्री ने कहा कि डिजिटल और मोबाइल के वर्तमान युग में ऐसे आयोजन बच्चों को संस्कारों, सादगी और संयम से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, नचिकेता मुनि आदित्य कुमार जी ने मानव जीवन के वास्तविक लक्ष्य और उद्देश्यों पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए।

pop ronak

प्रातः 6:00 बजे गुरु वंदन व प्रार्थना के साथ प्रारंभ हुए इस शिविर में मुनिवर ने उपसंपदा संकल्प स्वीकार करवाकर दीक्षा विधि संपन्न कराई। इसके पश्चात हरीश भंडारी ने योग-प्राणायाम एवं मानकचंद जी रांका ने कायोत्सर्ग का अभ्यास कराया। शिविर का मुख्य आकर्षण यह रहा कि बच्चों ने जैन मुनि की पारंपरिक वेशभूषा धारण की, पात्र में गोचरी (भोजन) ग्रहण की तथा दिनभर ओघा (रजोहरण) एवं मुंहपट्टी के साथ संयमपूर्वक चलने, बोलने व आचरण करने का व्यावहारिक अभ्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान मुनि श्री पुलकित कुमार जी ने अपनी संयम यात्रा के संस्मरण साझा किए। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सायंकालीन सत्र में गुरु वंदना एवं प्रतिक्रमण किशोर मंडल प्रभारी हर्ष गादिया ने संपन्न कराया। अर्हत वंदना के बाद मयंक मर्लेचा, ऋत्विक चोरडिया, आरुष चोपड़ा, कुशल जैन व अमृतजी डागा ने साधुपन के अपने अनूठे अनुभवों को सभी के साथ साझा किया।

इस अवसर पर महासभा के आंचलिक प्रभारी विमल चिपड, जैन विश्व भारती के मंत्री ललित दूगड़, कोषाध्यक्ष गौतम समदड़िया, तेयुप अध्यक्ष कोमल डागा एवं मंत्री श्रीकांत चौरडिया ने शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के सफल संचालन व व्यवस्थाओं में अनिल डूंगरवाल, ऋषि बांठिया, जसदीप डागा, संतोष धारीवाल, अशोक लुंकड़, मंजू गेलड़ा, ममता मर्लेचा एवं संदीप मुथा का सराहनीय सहयोग रहा।