जैन खरतरगच्छ संघ ने हैदराबाद सम्मेलन के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
जैन खरतरगच्छ संघ ने हैदराबाद सम्मेलन के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

- आपत्तिजनक टिप्पणियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग
बीकानेर, 10 अक्टूबर । हैदराबाद में हाल ही में आयोजित एक धार्मिक सम्मेलन के दौरान जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ परंपरा, दादा गुरुदेव, आचार्य, साधु-साध्वियों और दादावाड़ियों के संबंध में कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां करने के विरोध में जैन समाज में रोष व्याप्त है। इस संबंध में शनिवार को श्री जैन श्वेतांबर खरतरगच्छ संघ की नौ प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और श्रावक-श्राविकाओं ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपी विनय राज जैन उर्फ बंटू राय सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ऐसे बयान समाज में आपसी वैमनस्य फैलाते हैं और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करते हैं। इस अवसर पर श्री चिंतामणि जैन मंदिर प्रन्यास के अध्यक्ष हरीश नाहटा, उपाध्यक्ष विपुल नाहटा, मंत्री राजीव खजांची, कोषाध्यक्ष फतेह चंद खजांची, पूर्व अध्यक्ष निर्मल धारीवाल, वरिष्ठ श्रावक राजेंद्र लूणिया, खरतरगच्छ संघ के अध्यक्ष अजीत मल खजांची, कोषाध्यक्ष अशोक पारख, सुगनजी महाराज का उपासरा ट्रस्ट के सह मंत्री मनीष नाहटा, कोषाध्यक्ष प्रमोद गुलगुलिया, अखिल भारतीय खरतरगच्छ युवा परिषद के अध्यक्ष अनिल सुराणा, सचिव विक्रम सिंह भुगड़ी, कोषाध्यक्ष अनिल पारख, पार्षद धर्मवीर नाहटा, महिला परिषद की अध्यक्ष मनीषा खजांची सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


युवा परिषद के मंत्री विक्रम सिंह भुगड़ी ने स्पष्ट किया कि इस विरोध का उद्देश्य किसी भी जैन संप्रदाय, साधु-संत या व्यक्ति विशेष का अनादर करना नहीं है, बल्कि धार्मिक शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की रक्षा करना है।
