राजस्थान में पहली बार 24 और 25 अक्टूबर को होगा ‘साइबर हाइजीन मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ (CHMUN)-2026 का आयोजन
राजस्थान में पहली बार 24 और 25 अक्टूबर को होगा 'साइबर हाइजीन मॉडल यूनाइटेड नेशंस' (CHMUN)-2026 का आयोजन

बीकानेर, 23 अक्टूबर । श्री जैन पब्लिक स्कूल, बीकानेर में राजस्थान के इतिहास में पहली बार ‘साइबर हाइजीन मॉडल यूनाइटेड नेशंस’ (CHMUN) 2026 का दो दिवसीय भव्य आयोजन 24 और 25 अक्टूबर 2026 को किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ़ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (C-DAC) और इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) द्वारा इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), भारत सरकार के सूचना सुरक्षा और जागरूकता प्रोजेक्ट (ISEA) के अंतर्गत किया जा रहा है। इस सम्मेलन में विभिन्न विद्यालयों के 28 युवा प्रतिनिधि साइबर सुरक्षा, डिजिटल जिम्मेदारी, वैश्विक सहयोग और समकालीन अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर चर्चा करेंगे।


दो प्रमुख समितियों में होगी कूटनीतिक चर्चा



दो दिवसीय इस सम्मेलन में मुख्य रूप से दो समितियों—संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC)—को शामिल किया गया है। इसमें विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले छात्र-छात्राएं औपचारिक बहस, कॉकस, कूटनीतिक बातचीत और विचार-विमर्श में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थी अपने अनुसंधान कौशल, नेतृत्व क्षमता और संवाद कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ बीकानेर के जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) डॉ. रामगोपाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य तथा सी-डैक (C-DAC) हैदराबाद के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री सुमित श्रीवास्तव के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा। यह दो दिवसीय आयोजन प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालित होगा।
आयोजक विद्यालय की सीईओ श्रीमती सीमा जैन एवं प्राचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला यह अनूठा सम्मेलन विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल नागरिक के रूप में ढालने की दिशा में एक बेहद सार्थक एवं ऐतिहासिक पहल सिद्ध होगा।

