

मुंबई, 2 नवंबर । अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद (तेयुप), दक्षिण मुंबई द्वारा ‘जैन संस्कार विधि’ के माध्यम से दीपावली पूजन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला कालबादेवी स्थित महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में प्रातः 10:15 बजे आयोजित की गई।


यह आयोजन युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।



जैन संस्कार विधि के महत्व पर प्रकाश
कार्यशाला में जैन संस्कारक अशोक बरलोटा ने मुख्य वक्ता के रूप में जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जैन संस्कार विधि के इतिहास की जानकारी देते हुए जीवन के विभिन्न मांगलिक एवं पारिवारिक अवसरों पर इसे अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को इन संस्कारों को स्वयं अपनाने और अपनी आने वाली पीढ़ी को सौंपने की प्रेरणा दी। साथ ही, उन्होंने दीपावली पूजन की जैन विधि से जुड़े सदस्यों के विभिन्न प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
मंगल भावना यंत्र किट का वितरण
इस अवसर पर तेयुप दक्षिण मुंबई द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों एवं अतिथियों को जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन करने की सम्पूर्ण विधि तथा ‘मंगल भावना यंत्र’ की विशेष किट वितरित की गई, ताकि समाज के अधिक से अधिक परिवार अपने घरों में जैन परंपरा के अनुरूप दीपावली पूजन कर सकें।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में तेयुप दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने अपने विचार रखे, जबकि कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं आभार ज्ञापन कार्यशाला प्रभारी दीपेश बोराणा ने किया। कार्यशाला में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदन धाकड़, मंत्री लक्ष्मीलाल डागलिया, सुखलाल सियाल, महासभा के पूर्व अध्यक्ष किशनलाल डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा के अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया, उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़, मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़, सुरेंद्र मुनोत, तेयुप निवर्तमान अध्यक्ष गिरीश सिसोदिया, मंत्री श्रेयांस मुनोत, उपाध्यक्ष व अभातेयुप सोशल मीडिया स्मार्ट ब्रिगेड मेंबर दर्शन डागलिया, सहमंत्री दीपेश बोराना, संगठन मंत्री दीपक कछारा, उत्सव धाकड़, महिला मंडल दक्षिण मुंबई सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
(मीडिया प्रतिनिधि नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया द्वारा प्रेषित समाचार ।)

