

बीकानेर, 6 नवम्बर । स्थानीय महाराजा नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम में वी.आर. फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित एक समारोह में उपन्यासकार एवं कथाकार रेणु बाला चौहान के नए कहानी संग्रह ‘अपराजिता’ का लोकार्पण किया गया। सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी द्वारा प्रकाशित इस कृति के लोकार्पण कार्यक्रम की अध्यक्षता गोविन्द माथुर ने की, जबकि मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यंग्यकार व स्तंभ लेखक बुलाकी शर्मा रहे।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। फाउंडेशन के अध्यक्ष विशाल सोलंकी ने स्वागत उद्बोधन दिया, जिसके पश्चात अतिथियों द्वारा पुस्तक का लोकार्पण संपन्न हुआ। डॉ. नमामी शंकर आचार्य ने संग्रह पर पत्रवाचन करते हुए कहानियों और उनके पात्रों की विशेषताओं को रेखांकित किया।



कथाकार रेणु बाला चौहान ने अपने उद्बोधन में लेखन के अनुभवों और मूल कथानक को साझा किया। इस अवसर पर सोशल प्रोग्रेसिव सोसाइटी की ओर से लेखिका को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों—राजेन्द्र जोशी और डॉ. मेघना शर्मा—ने भी संग्रह की कहानियों, संवेदनशीलता और पात्रों के अंतर्द्वंद्व की सराहना की।
समारोह के अंत में राजेन्द्र सिंह देपावत ने धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि मंच संचालन संजय श्रीमाली ने किया। शहर के कई गणमान्य साहित्यप्रेमी और नागरिक इस भव्य साहित्यिक आयोजन के साक्षी बने।

