

बीकानेर, 7 नवम्बर । शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में मुख्य डाकघर के सामने और जूनागढ़ की प्राचीर के समीप स्थित एक पान की ठेली पर बीती 5 नवंबर की रात हुए खूनी हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक के भाई की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित 8-10 अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 नवंबर 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे मुख्य डाकघर के पास स्थित पान की ठेली पर अकरम नामक युवक पर हथियारों से लैस हमलावरों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने अकरम पर चाकुओं से गंभीर वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां अगली सुबह (6 नवंबर) इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।



घटना के संबंध में मृतक के भाई मोहम्मद सदीक (37) पुत्र बनसार शेख, निवासी शेखों का मोहल्ला, पुरानी गजनेर रोड ने 6 नवंबर को दोपहर 1:06 बजे कोटगेट थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में शोएब, ताहिर, अख्तर उर्फ बाबूडी (तीनों के हाथों में चाकू होने का उल्लेख), शाकिर उर्फ हैप्पी, सोयब पठान उर्फ भोमा, बिलास (निवासी रामपुरा), गौतम बाबा, राज अली करमीसर, इब्राहीम चौहान, कावनश भाटी तथा 4-5 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया गया है।
कोटगेट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण संख्या 256/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 126(2), 190, 191(2) और 191(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एमओबी (MOB) तथा एफएसएल (FSL) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रकरण का अनुसंधान कोटगेट थानाधिकारी (पु.नि.) विक्रम पूनिया स्वयं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

