

- जयपुर में मुनिश्री सुधाकर जी और मुनिश्री नरेश कुमार जी का मिला सानिध्य
चेन्नई/लाडनूं, 18 नवंबर। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथ ट्रस्ट माधावरम के पदाधिकारी एवं सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल लगभग 80 सदस्यों के साथ सामूहिक रूप से आचार्य प्रवर श्री महाश्रमण जी के दर्शनार्थ लाडनूं पहुंचा। ट्रस्ट के अध्यक्ष घीसुलाल बोहरा ने बताया कि इस यात्रा के दौरान संघ को लाडनूं में आचार्य प्रवर, युवाचार्यश्री, साध्वी प्रमुखा श्री, साध्वीवर्या जी सहित अनेक साधु-साध्वियों की सेवा, दर्शन और उपासना का सौभाग्य प्राप्त हुआ।


आचार्य श्री के समक्ष प्रस्तुत की गई ट्रस्ट की रिपोर्ट



लाडनूं प्रवास के दौरान आचार्य महाश्रमण जी ने माधावरम ट्रस्ट की गतिविधियों की रिपोर्ट पर विशेष रूप से गौर फरमाया। उन्होंने जैन विश्व भारती के प्रांगण में माधावरम ट्रस्ट द्वारा सुव्यवस्थित रूप से संचालित चौके की व्यवस्था के संबंध में भी पूरी जानकारी ली। अपने पावन आशीर्वचन में आचार्यश्री ने चेन्नई में माधावरम ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन विशाल एवं भव्य तेरापंथ भवन की योजना के बारे में फरमाया कि यह भवन सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो।
इस अवसर पर ट्रस्ट के मंत्री अशोक आच्छा ने माधावरम की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा उपस्थित पदाधिकारियों एवं अन्य सदस्यगणों का आचार्यश्री से परिचय करवाया। संघ ने जैन विश्व भारती प्रांगण में दो दिन से अधिक समय तक रहकर वहां विराजित चारित्र आत्माओं और समणीवृंद की सेवा-उपासना का लाभ लिया।
जयपुर में मुनिश्री सुधाकर जी व नरेश कुमार जी के दर्शन
लाडनूं के लिए रवाना होने से पहले यह संघ जयपुर पहुंचा, जहां मुनिश्री सुधाकर जी और मुनिश्री नरेश कुमार जी के दर्शन कर उनके प्रातःकालीन व्याख्यान का श्रवण किया। मुनिश्री ने अपने मंगल उद्बोधन में तेरापंथ ट्रस्ट द्वारा हो रही प्रगति और विकास कार्यों के लिए मंगल कामनाएं प्रेषित कीं। साथ ही, वर्ष 2023 के अपने माधावरम चातुर्मास के संस्मरणों को साझा करते हुए सभी की मधुर स्मृतियों को पुनर्जीवित किया तथा लाडनूं में अधिक से अधिक समय चारित्र आत्माओं की उपासना में बिताने की प्रेरणा दी।
पदाधिकारियों ने बताया कि यह सफल गुरु दर्शन यात्रा आगामी 19 नवंबर को चेन्नई पहुंचकर सानंद संपन्न होगी।

