

सादूल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में जुटेंगे साहित्यकार


बीकानेर, 19 नवंबर । राजस्थानी भाषा एवं साहित्य के प्रख्यात इटालियन विद्वान डॉ. एल. पी. तैस्सितोरी की 107वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आगामी 22 नवंबर (रविवार) को दोपहर 1:15 बजे राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित तैस्सितोरी प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि एवं विचारांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सादूल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में होने वाले इस समारोह में शहर के साहित्यकार, शिक्षाविद एवं संस्कृति प्रेमी शामिल होकर डॉ. तैस्सितोरी के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए राजस्थानी भाषा के क्षेत्र में उनके ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।



इंस्टीट्यूट के सचिव कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. तैस्सितोरी ने राजस्थान और इटली के बीच सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने बीकानेर में पांच वर्ष से अधिक समय तक प्रवास कर चारण एवं जैन साहित्य सहित राजस्थानी भाषा पर अत्यंत उल्लेखनीय शोध कार्य किया, जो आज भी राजस्थानी भाषा की वैश्विक पहचान का एक स्वर्णिम अध्याय है।
कार्यक्रम संयोजक राजाराम स्वर्णकार ने बताया कि सादूल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट वर्ष 1944 में बीकानेर स्टेट द्वारा स्थापित एक ऐतिहासिक संस्था है। अपनी स्थापना के समय से ही यह संस्थान राजस्थानी भाषा के संरक्षण व विकास के लिए निरंतर सक्रिय है और प्रतिवर्ष डॉ. तैस्सितोरी की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं विचारांजलि कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। संस्थान ने सभी साहित्य और संस्कृति प्रेमियों से 22 नवंबर को दोपहर 1:15 बजे राजकीय संग्रहालय परिसर पहुंचकर इस कार्यक्रम में भागीदार बनने का आह्वान किया है।

