

त्यागी बाबा के प्रथम पुण्यतिथि महामहोत्सव का समापन, महाप्रसादी में उमड़े हजारों श्रद्धालु


मथुरा/बीकानेर, 1 नवंबर। मथुरा के श्री बहुलावन बाटी स्थित श्री सीताराम मंदिर महावीर बाग में विगत 23 अक्टूबर से चल रहे त्यागी बाबा के प्रथम पुण्यतिथि महामहोत्सव का शनिवार को भव्य समापन हो गया। नौ दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन महाप्रसादी, कार्यकर्ता सम्मान समारोह और भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें 25 गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ लिया।



परम पूज्य श्री सियाराम जी महाराज की कृपा, पूज्य गुरुदेव श्री रामदास जी महाराज के सान्निध्य और राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस महामहोत्सव के समापन समारोह में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने पुलिस, प्रशासन, ग्रामवासियों, भामाशाहों और सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मथुरा से बीकानेर तक चलेगा नशा मुक्ति जनजागरण अभियान
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने आह्वान किया कि धार्मिक आयोजनों की सार्थकता श्रेष्ठ संकल्प और परोपकार से ही सिद्ध होती है। इसी उद्देश्य के साथ एक व्यापक ‘नशा मुक्ति जनजागरण अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने घोषणा की कि मथुरा से लेकर बीकानेर तक विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा और नशा छोड़ने का संकल्प दिलाया जाएगा। इस अभियान के तहत मथुरा से बीकानेर तक जिला और ग्राम स्तर पर कमेटियों का गठन भी किया जाएगा।
चित्र-विचित्र के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
नौ दिवसीय इस आयोजन के दौरान श्रीमद्भागवत कथा, हनुमंत महायज्ञ, त्यागी बाबा की मूर्ति का अनावरण, संत समागम और विराट भजन संध्या जैसे कई कार्यक्रम हुए। पूर्णाहुति के अवसर पर आयोजित महाप्रसादी में आसपास के 25 गांवों के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं, समापन की शाम बृज के प्रसिद्ध गायक कलाकारों ‘चित्र-विचित्र’ ने अपनी सुमधुर वाणी में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा प्रांगण भक्तिमय हो उठा।
#Mathura #Bikaner, #Bhati, #Bahulavan, #Rajasthan News,
#Mahant Sarju Das, #Tyagi Baba, #Siyaram Maharaj, #Ramdas Maharaj, #Saint Samagam, #Nasha Mukti Abhiyan, #Mahaprasadi, #Bhajan Sandhya, #Chitra Vichitra, #Religious Festival, #Social Awareness, #Bikaner News, #Brij Culture, #Devotional Event,

