

बीकानेर, 1 नवंबर । बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी ने रविवार को पवनपुरी स्थित सुदर्शना नगर के गुफा मंदिर परिसर में नवनिर्मित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर सनातन परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।


गुफा मंदिर के अध्यक्ष हर्ष कुमार जग्गी ने जानकारी दी कि इस नए आरोग्य मंदिर भवन का निर्माण लगभग 14 लाख रुपये की लागत से अमेरिका निवासी भंसाली परिवार के आर्थिक सहयोग से कराया गया है।



चार वार्डों के हजारों नागरिकों को मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सिद्धि कुमारी ने भामाशाह भंसाली परिवार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस आरोग्य मंदिर के शुरू होने से आसपास के चार वार्डों के हजारों स्थानीय नागरिकों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने विधायक कोटे से इस केंद्र को आवश्यक चिकित्सा उपकरण व सामग्री उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पुखराज साध ने बताया कि इस डिस्पेंसरी में अगले दो हफ्तों के भीतर सभी आवश्यक मेडिकल टेस्ट (जांच) की सुविधाएं शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। स्थानीय पार्षद भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी मिलकर संयुक्त प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भामाशाह जयचंदलाल डागा, राजू तनेजा, मोहन सुराणा, मनीष सोनी, कुणाल कोचर, विजय ऐलानी, अरुण सोलंकी, सुशील शर्मा, पवन भाटी, विजय सिंह, सुभाष जी, दीपक गुप्ता, सतीश शर्मा, अनिल तिवारी, जितेंद्र जुनेजा, योगेंद्र सेवक, जीतू सेवक और तरुण नैयर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

