नंजनगुड़ में भक्ति, साधना और आध्यात्मिक उल्लास का हुआ भव्य समापन

नंजनगुड़ में भक्ति, साधना और आध्यात्मिक उल्लास का हुआ भव्य समापन
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025

नंजनगुड़ ,16 सितम्बर । गुरुदेव की असीम अनुकंपा से नंजनगुड़ क्षेत्र में आठ दिवसीय आध्यात्मिक महापर्व ‘पर्यूषण महापर्व’ अत्यंत उत्साह, भक्ति भावना और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। धर्म आराधना करवाने हेतु पधारीं उपासिका श्रीमती मधु जी कटारिया एवं उपासिका श्रीमती सरोज जी आर. बैद की गरिमामयी उपस्थिति एवं कुशल मार्गदर्शन में यह आठ दिवसीय आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित और भावपूर्ण रहा।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

आठ दिनों की साधना का क्रमिक विवरण
खाद्य संयम दिवस (प्रथम दिवस): तप-साधना के भव्य शुभारंभ के साथ 11 बहनों एवं 4 भाइयों ने उपवास की निर्जरा की, वहीं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने एकासन की साधना की।

pop ronak

स्वाध्याय दिवस: उपासिका जी ने स्वाध्याय के माध्यम से ज्ञान के विकास और आत्म-चिंतन की कला पर सुंदर मार्गदर्शन प्रदान किया तथा ‘लोक’ जैसे कठिन और गूढ़ विषय को अत्यंत सरल तरीके से समझाया।

सामायिक दिवस: समता भाव की वृद्धि के लिए श्रावक-श्राविकाओं द्वारा भक्तिभाव से ‘पचरंगी सामायिक’ की आराधना की गई।

वाणी संयम दिवस: वाणी की पवित्रता और मन की शांति हेतु मौन की ‘पचरंगी साधना’ संपन्न हुई।

व्रत चेतना दिवस: श्रावकों को अणुव्रत एवं 12 व्रतों का संकल्प दिलाया गया तथा छोटे-छोटे व्रतों से आत्म-शुद्धि का मार्ग बताते हुए व्रतधारी बनने हेतु प्रेरित किया गया।

जप दिवस: आध्यात्मिक तरंगों के बीच 13 घंटे का लयबद्ध अखंड जाप अत्यंत भक्तिभाव से संपन्न हुआ।

ध्यान दिवस: उपासिका श्रीमती मधु जी कटारिया द्वारा प्रेक्षाध्यान के माध्यम से 20 मिनट का गहन एवं भावपूर्ण ध्यान करवाया गया।

संवत्सरी महापर्व एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
संवत्सरी महापर्व के मुख्य दिवस पर अपार भक्ति देखने को मिली, जहां अधिकांश श्रद्धालुओं ने उपवास, एकासन एवं आयंबिल का लक्ष्य रखा। उपासिका बहनों ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन-चरित्र का मार्मिक परिचय करवाया।

इस शुभ अवसर पर ज्ञानशाला के बच्चों ने बहुत ही सुंदर आध्यात्मिक प्रस्तुति दी। साथ ही महिला मंडल की बहनों द्वारा भगवान नेमीनाथ जी के जीवन पर आधारित एक मनमोहक व भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। सायंकालीन संवत्सरी प्रतिक्रमण में लगभग 70 भाई-बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

पारस्परिक खमत-खामणा और आभार
प्रातःकाल परस्पर “खमत-खामणा” का सुंदर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने एक-दूसरे से क्षमायाचना की। नंजनगुड़ की श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल एवं तेरापंथ युवक परिषद ने उपासिका बहनों के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं उपासिका बहनों ने भी गुरुदेव के प्रति अनंत कृतज्ञता ज्ञापित की।