

बीकानेर, 22 नवम्बर । बीकानेर के चिकित्सा क्षेत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पीबीएम चिकित्सालय परिसर में 5 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना से पीबीएम चिकित्सालय सहित संबद्ध चिकित्सा इकाइयों में दवाइयों के सुरक्षित भंडारण, व्यवस्थित प्रबंधन और समयबद्ध वितरण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।


केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि पीबीएम चिकित्सालय बीकानेर संभाग का प्रमुख चिकित्सा केंद्र है, जहां बीकानेर के साथ-साथ श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों के इलाज के चलते दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता और उचित प्रबंधन बेहद जरूरी है, जिसे देखते हुए 5 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस काफी उपयोगी साबित होगा।



मेघवाल ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में दवाइयों का सुरक्षित रखरखाव और समय पर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। नए वेयर हाउस के निर्माण से स्टॉक का व्यवस्थित संधारण हो सकेगा तथा विभिन्न चिकित्सा इकाइयों तक दवाइयों की आपूर्ति अधिक सुचारु ढंग से की जा सकेगी। इससे दवा भंडारण व वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा तथा अस्पताल प्रशासन को भी सुविधा होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीकानेर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि संभाग के लोगों को बेहतर इलाज अपने क्षेत्र में ही मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को सुलभ व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और यह सेंट्रल ड्रग वेयर हाउस पीबीएम की आपूर्ति व्यवस्था व आधारभूत ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगा।

