

- ‘ओळू समारोह’ का आगाज,
बीकानेर ,22 नवम्बर । इटली मूल के महान विद्वान एवं भाषाविद स्वर्गीय डॉ. एल.पी. टैस्सीटोरी की 107वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दो दिवसीय ‘ओळू समारोह’ के पहले दिन समाधि स्थल पर पुष्पांजलि एवं शब्दांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर साहित्यकार क़ासिम बीकानेरी ने कहा कि डॉ. टैस्सीटोरी राजस्थानी भाषा के लिए संघर्ष करने वाले महान सपूत, सांस्कृतिक पुरोधा और भारतीय आत्मा थे। उन्होंने कहा कि एक बहुभाषाविद् होने के बावजूद उन्होंने अपना पूरा जीवन मायड़ भाषा राजस्थानी को मान-सम्मान दिलाने के लिए समर्पित कर दिया तथा प्रज्ञालय संस्थान और राजस्थानी युवा लेखक संघ पिछले साढ़े चार दशकों से भी अधिक समय से उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ इतिहासविद डॉ. मोहम्मद फ़ारूक़ चौहान ने कहा कि डॉ. टैस्सीटोरी ने 1914 में ही राजस्थानी मान्यता का बीजारोपण कर दिया था, लेकिन इतनी समृद्ध एवं प्राचीन भाषा को आज तक संवैधानिक मान्यता और प्रदेश की दूसरी राजभाषा का दर्जा न मिलना करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने राजस्थानी को दोनों मान्यताएं शीघ्र मिलने की मांग करते हुए टैस्सीटोरी की तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों व शोध कार्यों का उल्लेख किया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ कवि जुगल पुरोहित ने कहा कि डॉ. टैस्सीटोरी अपनी मातृभाषा इटालियन से अधिक स्नेह राजस्थानी से करते थे और उनका राजस्थानी मान्यता का सपना पूरा होना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



विशिष्ट अतिथि कवि गिरिराज पारीक ने उन्हें राजस्थानी भाषा की अलख जगाने वाला साहित्यिक सेनानी बताते हुए भाषा को शीघ्र मान्यता देने पर बल दिया, वहीं कवि कैलाश टाक ने इटली से आकर राजस्थानी के लिए किए गए उनके कार्यों को गौरवपूर्ण बताया। युवा कवि विप्लव व्यास ने मान्यता के लिए सामूहिक प्रयास कर सरकार पर दबाव बनाने की बात कही। संस्कृतिकर्मी मुकेश पोपली ने उन्हें महान भाषा वैज्ञानिक बताया, मुनिंद्र प्रकाश अग्निहोत्री ने उन्हें राजस्थानी आत्मा कहा और आकाशवाणी के महेश उपाध्याय ने भी राजस्थानी को जल्द मान्यता मिलने का समर्थन किया। वहीं, युवा रचनाकार आशीष रंगा ने टैस्सीटोरी समाधि स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।
दो दिवसीय ‘ओळू समारोह’ के पहले दिन का मुख्य केंद्र राजस्थानी भाषा की संवैधानिक मान्यता और इसे प्रदेश की दूसरी राजभाषा बनाने की मांग पर रहा, जिसका उपस्थित सभी साहित्यकारों व समर्थकों ने पुरजोर समर्थन किया। कार्यक्रम में अशोक शर्मा, भवानी सिंह, कार्तिक मोदी, सुनील व्यास, तोलाराम सारण, हरि नारायण आचार्य, घनश्याम ओझा, सय्यद अनवर अली, सैय्यद हसन अली, मोहम्मद जरीफ और मईनुद्दीन मईन सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हरिनारायण आचार्य ने किया और अंत में भवानी सिंह ने आभार व्यक्त किया।

