

बीकानेर, 22 नवम्बर । ऑल इंडिया रिटायर्ड बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन की बीकानेर यूनिट द्वारा संगठन के वरिष्ठतम सदस्यों के सम्मान में एक विशेष पहल की गई। इसके तहत संगठन के पदाधिकारियों ने 94 वर्षीय आर. पी. शर्मा और 90 वर्षीय विजय शंकर शर्मा के निवास स्थान पर पहुंचकर उनका आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ सदस्यों द्वारा बैंकिंग क्षेत्र और संगठन को समर्पित की गई अमूल्य सेवाओं की मुक्तकंठ से सराहना की गई।


सम्मान कार्यक्रम के दौरान संगठन के अध्यक्ष भूदेव शर्मा, महासचिव मदन मोहन लाल पुरोहित, संरक्षक जी. एस. खत्री, आर. के. शर्मा और सैयद मुश्ताक अली ने दोनों वयोवृद्ध सदस्यों का माल्यार्पण कर व शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। साथ ही उन्हें संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह और डायरेक्ट्री भेंट कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।




