बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार

- पंचायत राज आम चुनाव-2026
- दूसरे दिन आठ अभ्यर्थियों ने प्रस्तुत किए नौ नाम निर्देशन पत्र
बीकानेर, 14 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत द्वितीय चरण की पांच पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए दूसरे दिन (बुधवार) बीठनोक पंचायत समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए तीन अभ्यर्थियों ने तीन तथा बीकानेर पंचायत समिति के लिए 5 अभ्यर्थियों ने 6 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। वहीं बज्जू खालसा, हदां एवं कोलायत पंचायत समिति में एक भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। इससे पहले मंगलवार को बीकानेर पंचायत समिति में 3 अभ्यर्थियों ने 3 नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। इस प्रकार अब तक बीठनोक में तीन अभ्यर्थियों ने तीन तथा बीकानेर पंचायत समिति के लिए 8 अभ्यर्थियों नौ नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं।


द्वितीय चरण की पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र 16 अक्टूबर (शुक्रवार) दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर (शनिवार) को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। नाम वापसी 19 अक्टूबर (सोमवार) को दोपहर 3 बजे तक होगी।
========
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे शुक्रवार को आएंगे बीकानेर


जिला कलक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बीकानेर, 14 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे शुक्रवार प्रातः 10.40 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। राज्यपाल श्री बागडे प्रातः 11.10 बजे राजस्थान पशु चिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के नवम् दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। राज्यपाल दोपहर 2 बजे विश्वविद्यालय परिसर में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेने पश्चात नाल एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां से वायुमार्ग से जयपुर जाएंगे।
जिला कलक्टर श्री निशान्त जैन ने बुधवार को राज्यपाल की यात्रा के मद्देनजर विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी उन्हें दिए गए दायित्वों का पूर्ण गंभीरता से निर्वहन करें। राज्यपाल के प्रस्तावित रूट में साफ-सफाई सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल पर बैठक, निकास, मिनट-टू-मिनट, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन सहित प्रत्येक बिंदु की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में संबंधित अधिकारी पूरी तैयारी से आएं।
जिला कलक्टर ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का जायजा ले लें तथा यह सुनिश्चित करें कि समस्त तैयारियां सुचारू रहें। उन्होंने कहा कि अत्यंत महत्वपूर्ण विजिट के दौरान किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) श्रीमती रीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
=======================
पंचायत आम चुनाव 2026: पेड न्यूज पर निगरानी के लिए मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर पेड न्यूज की पहचान और निगरानी के संबंध में विशेषज्ञों ने दी जानकारी
बीकानेर, 14 अक्टूबर। पंचायत आम चुनाव 2026 के मद्देनजर पेड न्यूज पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में मीडिया प्रकोष्ठ के कार्मिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ वाई.बी. माथुर, श्री सुरेन्द्र राठी एवं प्रोफेसर श्री विपिन सैनी ने कार्मिकों को पेड न्यूज की पहचान, निगरानी तथा निर्वाचन के दौरान मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों के परीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के प्रभारी उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया पर पेड न्यूज की निगरानी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं व्यावहारिक सुझाव दिए। उन्होंने मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित होने वाली चुनाव संबंधी सामग्री पर सतर्कता से नजर रखने तथा संदिग्ध समाचारों का नियमानुसार परीक्षण करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिला स्तरीय मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने भी पेड न्यूज से संबंधित प्रावधानों एवं निगरानी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित होने वाली सामग्री पर सतत निगरानी रखने तथा पेड न्यूज के मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्रीमती निकिता भाटी सहित मीडिया प्रकोष्ठ के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी बृजेन्द्र सिंह, सूचना सहायक आनंद सिंह बिदावत, वरिष्ठ सहायक परम नाथ सिद्ध, कनिष्ठ सहायक हेमराज बिजारणिया एवं राकेश डुकिया तथा कंप्यूटर ऑपरेटर सोनू कच्छावा सहित कार्यालय के अन्य कर्मियों ने भी सहभागिता की।
==========
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता रैली, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की दिलाई शपथ
‘नारी चौपाल–सशक्त बालिका–सुरक्षित समाज’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्राओं ने लिया भाग, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं महिला सुरक्षा पर दिया संदेश
बीकानेर, 14 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से ‘नारी चौपाल–सशक्त बालिका–सुरक्षित समाज’ के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत चौधरी चरण सिंह जाट छात्रावास में 100 से अधिक बालिकाओं की सहभागिता से जिला स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्रावास की प्रवक्ता महिला पर्यवेक्षक श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य मोनिका गौड़ ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं, पॉलिटेक्निक कॉलेज की श्रीमती इंदुबाला कश्यप ने बालिकाओं को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज की लेक्चरर श्रीमती कमला प्रीत कौर ने बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करना चाहिए। अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए उन्हें मन, मस्तिष्क और विचारों में संतुलन बनाए रखकर माता-पिता तथा समाज का नाम रोशन करना चाहिए।
सहायक लेखाधिकारी साहिल विजयवर्गीय ने शिक्षा के प्रति गंभीर रहने और निरंतर अध्ययन करते हुए अपने भविष्य को बेहतर बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बालिकाओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट विचारों की अभिव्यक्ति के लिए प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। छात्रावास के सचिव एवं स्टाफ ने प्रेरक उद्बोधन के माध्यम से बालिकाओं को जीवन में आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में केंद्र प्रबंधक सखी वन स्टॉप सेंटर श्रीमती सरिता गोदारा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए सहयोग किया। कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र तथा हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन से जुड़े अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
बालिका सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य पर भी कार्यशाला
साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में महात्मा गांधी राजकीय स्कूल, हाउसिंग बोर्ड में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक श्रीमती कविता हुरकट द्वारा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
वहीं मंगलवार को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। आगामी कार्यक्रमों के तहत नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन एवं आर्थिक सशक्तीकरण से संबंधित कार्यशाला तथा जिला स्तरीय महिला चैंपियंस के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
===========
पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज, मानव श्रृंखला बनाकर दिया मतदान का संदेश
स्वीप प्रकोष्ठ की पहल पर ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समिति मुख्यालयों पर हो रहीं विविध गतिविधियां; वोट मैराथन, मेहंदी, रंगोली और युवा संवाद से मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक
बीकानेर, 14 अक्टूबर। आगामी पंचायत चुनावों में अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के आदेशानुसार तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रभारी स्वीप प्रकोष्ठ श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में जिले में मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। स्वीप प्रकोष्ठ सह प्रभारी व पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने बताया कि स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ग्राम पंचायतों एवं पंचायत समिति मुख्यालयों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय, बीकानेर के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र के निर्देशन में मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए आमजन को मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. अनीश चौहान एवं डॉ. पवन कुमार यादव ने सहयोग प्रदान किया।
स्वीप प्रकोष्ठ समन्वयक प्रशांत जोशी ने बताया कि स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा 9 अक्टूबर से निर्धारित कैलेंडर के अनुसार निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत वोट मैराथन, दिव्यांग एवं वृद्धजन मतदाताओं के साथ संवाद, मतदान जागरूकता रंगोली एवं मेहंदी तथा नारी शक्ति संवाद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न वर्गों तक मतदान का संदेश पहुंचाया गया है।
स्वीप प्रकोष्ठ सह समन्वयक गोपाल जोशी ने बताया कि आगामी दिनों में भी निर्धारित कैलेंडर के अनुसार मतदान का गरबा, दीपदान, युवा संवाद एवं वोट बारात जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना है। स्वीप प्रकोष्ठ के पवन कुमार खत्री, दीपक जोशी, हरिहर, संजय छंगानी, दीपक बिन्नानी आदि द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से मतदान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
==============

