केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से बीकानेर को मिली बड़ी सौगात
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से बीकानेर को मिली बड़ी सौगात

- बीकानेर, नागौर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के लोगों व व्यापारियों को बेहतर डाक सुविधाओं का मिलेगा लाभ
बीकानेर, 14 अक्टूबर । बीकानेर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान के निवासियों के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है। केंद्रीय कानून एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के विशेष प्रयासों के रंग लाने के बाद बीकानेर में नए ‘डाक क्षेत्रीय कार्यालय’ (Post Region Office) के गठन को केंद्र सरकार से आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही एक प्रमुख मांग पूरी हो गई है।


केंद्रीय संचार मंत्री को पत्र लिखकर उठाई थी मांग
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने 31 जुलाई 2026 को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र भेजकर बीकानेर में पृथक डाक क्षेत्र गठित करने का पुरजोर आग्रह किया था। उन्होंने अपने पत्र में बीकानेर, नागौर, चूरू, श्रीगंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिलों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, बढ़ती प्रशासनिक आवश्यकताओं और स्थानीय व्यापारियों व नागरिकों की सुविधाओं का तर्कसंगत ब्योरा दिया था।


पश्चिमी राजस्थान में डाक सेवाओं में आएगा व्यापक सुधार
मेघवाल ने पश्चिमी राजस्थान के विशाल भू-भाग को ध्यान में रखते हुए डाक सेवाओं के सुचारू संचालन, पत्रों व पार्सलों के समयबद्ध वितरण और बेहतर प्रशासनिक मॉनिटरिंग के लिए अलग क्षेत्रीय कार्यालय की महत्ता पर विशेष बल दिया था।
बीकानेर में नया डाक क्षेत्रीय कार्यालय शुरू होने से न केवल प्रशासनिक व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी होंगी, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती और ग्रामीण इलाकों तक डाक व बैंकिंग सेवाओं का विस्तार होगा। इससे आमजन, स्थानीय उद्यमियों और व्यापारिक वर्ग को त्वरित व सुलभ सेवाएं मिल सकेंगी।

