बीकानेर के मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित, 1000 से अधिक पौधों का रोपण
बीकानेर के मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित, 1000 से अधिक पौधों का रोपण


बीकानेर, 3 सितंबर। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को बीछवाल स्थित मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव तथा ‘एक पेड़ माँ यशोदा के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पार्क परिसर में 1000 से अधिक पौधे लगाए गए।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईजी ओम प्रकाश, आईजीएनपी आयुक्त नवनीत कुमार तथा जिला कलेक्टर निशांत जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन विभाग बीकानेर जिले के प्रभारी एवं मुख्य वन संरक्षक (जयपुर) आर.के. खैरवा ने की। स्वागत भाषण में सीसीएफ खैरवा ने कहा कि मरुधरा बायोलॉजिकल पार्क में किया जा रहा पौधारोपण भविष्य में वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराएगा और हरित वातावरण विकसित करेगा। मुख्य अतिथि आईजी ओम प्रकाश ने पर्यावरण संरक्षण में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।


समारोह के दौरान आईजीएनपी राजकीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर केंद्रित नाटक और लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। छात्रा सीमा कुमारी ने पेड़ों की रक्षा के लिए अमृता देवी और 363 शहीदों के बलिदान को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बीडीए कमिश्नर स्नेहल धाईगुड़े नाना, नगर निगम कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, आईएएस स्वाति शर्मा, आईएएस मनु गर्ग, डीएफओ जी. वेंकटेश, डीएफओ तरुण मेहरा, डीएफओ मदन सिंह चारण और डीएफओ रमेश मुंड सहित वन विभाग के अधिकारी एवं पर्यावरणप्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन किशोर सर ने किया, जबकि डीएफओ जी. वेंकटेश ने अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।
