जनसमस्याओं को लेकर उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त से की मुलाकात
जनसमस्याओं को लेकर उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने निगम आयुक्त से की मुलाकात



- प्रथम साधारण सभा जल्द बुलाने की मांग
बीकानेर, 30 सितम्बर । नगर निगम बीकानेर के उपमहापौर पंकज गहलोत के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर की प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान तथा नवनिर्वाचित नगर निगम बोर्ड की प्रथम साधारण सभा (बोर्ड बैठक) यथाशीघ्र आयोजित करने की मांग को लेकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।


विकास कार्यों के लिए साधारण सभा अति आवश्यक – उपमहापौर
उपमहापौर पंकज गहलोत ने कहा कि प्रथम साधारण सभा का आयोजन शीघ्र होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि शहर के समग्र विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सदन में चर्चा कर ठोस निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने वर्तमान में शहर में व्याप्त विभिन्न नागरिक समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया।


त्योहारों से पूर्व सफाई, लाइट व आवारा पशुओं की रोकथाम की उठाई मांग
मुलाकात के दौरान आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी वार्डों में विशेष सफाई व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने तथा आवश्यकतानुसार नई हाई-मास्ट लाइटें लगाने की मांग रखी गई। इसके साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों व नाला-नालियों की मरम्मत, सीवर लाइन से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान तथा निराश्रित गोवंश को कांजी हाउस व आवारा कुत्तों को डॉग शेल्टर होम में शिफ्ट करने की व्यवस्था दुरुस्त करने पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक वार्ड में स्थानीय पार्षद व संबंधित सफाई कर्मचारियों की जानकारी हेतु नवीनतम सूचना बोर्ड लगवाने का सुझाव भी दिया।
प्रतिनिधिमंडल में ये पार्षद रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया, भगवती गौड़, विक्रम सिंह राजपुरोहित, प्रकाश व्यास, उम्मेद सिंह राजपुरोहित, संदीप गहलोत, विशाल सोनी, चित्रा देवी, सिंवरी नायक, सुषमा शर्मा, दीपक तंवर, कपिल चारण, निशा पारीक, कविता विश्नोई, शिव गहलोत, लीला गहलोत, जगदीश सोलंकी, शंकर लाल तंवर, राजेंद्र शर्मा तथा आनंद सोनी सहित अनेक पार्षद उपस्थित रहे।
