जिले के राजकीय छात्रावासों की बदलेगी तस्वीर, जिला प्रशासन की पहल ‘उन्नयन’ शुरू
जिले के राजकीय छात्रावासों की बदलेगी तस्वीर, जिला प्रशासन की पहल ‘उन्नयन’ शुरू


बीकानेर , 22 अगस्त। जिले में संचालित राजकीय छात्रावासों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, शैक्षणिक स्तर में सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं आत्मविश्वास को बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा शिक्षा विभाग के सहयोग से विशेष नवाचार ‘उन्नयन’ की शुरुआत की है।


इस पहल के तहत शनिवार को जिले भर के लगभग 20 राजकीय छात्रावासों का प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों की टीमों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का गहन आंकलन किया, कमियों को रेखांकित किया और उनके त्वरित निस्तारण के लिए समय-सीमा निर्धारित की।


जिला कलेक्टर ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर छात्रावास का किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर निशांत जैन ने एमएस कॉलेज के पास स्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के ‘डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय छात्रावास प्रथम’ का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आवासित विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर, रुचि, रहने व भोजन की व्यवस्थाओं और भविष्य के लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को अनुशासित रहकर नियमित अध्ययन करने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास परिसर में पौधारोपण भी किया।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को बेहतर वातावरण और सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर जांची व्यवस्थाएं
जिला कलेक्टर के निर्देशों पर विभिन्न उपखंड अधिकारियों (SDMs) एवं विभागीय अधिकारियों की टीमों ने जिलेभर के छात्रावासों में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की गई:
भवन व मूलभूत सुविधाएं: पेयजल, बिजली, स्वच्छता और आवास व्यवस्था।
भोजन व सुरक्षा: रसोई की स्थिति, गुणवत्ता, खेलकूद व मनोरंजन साधन।
शैक्षणिक वातावरण: पढ़ाई का माहौल और विद्यार्थियों की आवश्यकताएं।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
