पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी से दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने की 9 घंटे पूछताछ, घर लौटने पर पोस्ट की दिनकर की पंक्तियां
पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी से दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने की 9 घंटे पूछताछ


नई दिल्ली, 3 सितंबर । दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी से उनके हालिया सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर करीब 9 घंटे तक सघन पूछताछ की। बुधवार सुबह नेहरू पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान पुलिस टीम उन्हें अपने साथ न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट के कार्यालय ले गई थी, जहां देर शाम 7 बजे बयान दर्ज करने के बाद उन्हें घर छोड़ दिया गया।


पूछताछ के बाद आशीष जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि स्पेशल सेल उन्हें घर छोड़ गई है। इसके अगले दिन गुरुवार सुबह उन्होंने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति पोस्ट की— “सिंहासन खाली करो कि जनता आती है…”


संदीप दीक्षित के दावे से गर्माया मुद्दा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने एक वीडियो बयान जारी कर बताया कि उनके मित्र और पूर्व अतिरिक्त सचिव आशीष जोशी को सुबह की सैर के दौरान दो पुलिसकर्मी पूछताछ के लिए ले गए थे। 1992 बैच के अधिकारी आशीष जोशी, जो भारत सरकार के दूरसंचार विभाग में संचार नियंत्रक रह चुके हैं और मार्च 2026 में सेवानिवृत्त हुए हैं, केंद्र सरकार की नीतियों के मुखर आलोचक रहे हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट पर पूछताछ की आशंका
मीडिया रिपोर्ट्स और जोशी के करीबियों के अनुसार, पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़े एक कथित विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सवाल-जवाब किए। इससे पहले 13 अगस्त को भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़ा उनका एक पोस्ट सरकार के निर्देश पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाया गया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक विवरण जारी नहीं किया गया है।
