एसजेपीएस में इन्वेस्टीचर सेरेमनी में हुआ विद्यार्थी परिषद का भव्य गठन
एसजेपीएस में इन्वेस्टीचर सेरेमनी में हुआ विद्यार्थी परिषद का भव्य गठन



- नलीन व चार्वी जूनियर, अभिषेक व आरूषी बने हेड बॉय और हेड गर्ल
- नेतृत्व का वास्तविक अर्थ सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का निर्वहन: मुख्य अतिथि संजय कुमार जैन
बीकानेर, 14 अगस्त । श्री जैन पब्लिक स्कूल (SJPSS), बीकानेर में विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व की भावना तथा अनुशासित व्यक्तित्व के विकास के उद्देश्य से ‘इन्वेस्टीचर सेरेमनी’ (Investiture Ceremony) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की नवगठित विद्यार्थी परिषद (स्कूल कैबिनेट) का विधिवत गठन किया गया, जो विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना नृत्य के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी संजय कुमार जैन का विद्यालय परिवार द्वारा मोतियों की माला, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।


नेतृत्व और अनुशासन से होता है व्यक्तित्व निर्माण
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मुख्य अतिथि संजय कुमार जैन ने कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ केवल पद पाना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना है। विद्यार्थी जीवन में प्राप्त ऐसे अवसर व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने नवचयनित परिषद सदस्यों को विद्यालय, समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने की सीख दी। श्री जैन पाठशाला सभा के अध्यक्ष विजय कुमार कोचर ने विद्यार्थियों को राष्ट्र का कर्णधार बताते हुए अनुशासनबद्ध रहकर कार्य करने का संदेश दिया।
बैज व सैश पहनाकर सौंपी गई जिम्मेदारियां
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में से हेड बॉय: अभिषेक भंसाली, हेड गर्ल: आरूषी धानुका, जूनियर हेड बॉय: नलीन जैन, जूनियर हेड गर्ल: चार्वी बोथरा
को नियुक्त किया गया। इसके साथ ही सभी चयनित क्लब प्रतिनिधियों एवं हाउस कैप्टन्स को सैश एवं बैज पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उनके नेतृत्व एवं उत्तरदायित्व की नई यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
प्रधानाचार्या ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
प्रधानाचार्या श्रीमती रूपश्री सिपानी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यालय में अनुशासन, सहयोग, नेतृत्व एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित परिषद सदस्यों को शपथ दिलाते हुए विद्यालय के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने हेतु निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
शाला सचिव सीए माणक कोचर ने विद्यार्थी कैबिनेट को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में राष्ट्र निर्माण में सहयोग की कामना की तथा मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। वहीं, सीईओ सीमा जैन ने सफल आयोजन की सराहना करते हुए नवचयनित विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम देने हेतु बधाई दी। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल मंच संचालन शिक्षिका मोनिका तनेजा, गुंजन शर्मा, युक्ति कटारिया तथा कक्षा 9 की छात्रा भव्या चौहान व रिदा नाजमी द्वारा किया गया।

