बीकानेर की प्रतिभाओं और भामाशाहों का सम्मान, 527 बेड की मेडिसिन विंग की सौगात के लिए मूंधड़ा का अभिनंदन
बीकानेर की प्रतिभाओं और भामाशाहों का सम्मान



बीकानेर, 15 अगस्त । बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर के भामाशाहों, प्रतिभावान युवाओं और कला-संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्सियतों के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक, चिकित्सा, शिक्षा और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में श्रीमती सी. एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन मूंधड़ा का विशेष अभिनंदन किया गया, जिन्होंने पीबीएम अस्पताल में 527 बेड की अत्याधुनिक मेडिसिन विंग का निर्माण करवाकर शहर को बड़ी सौगात दी है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल जेल अधीक्षक अभिषेक शर्मा ने की, जबकि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में एडवोकेट अजय पुरोहित, वरिष्ठ उद्योगपति रामकिशन पेड़ीवाल, मानक चंद अग्रवाल, गौरीशंकर किराडू और मानकचंद चौधरी मौजूद रहे। अपने संबोधन में भामाशाह श्रीकिशन मूंधड़ा ने कहा कि बीकानेर की माटी से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और समाज से मिले स्नेह को सेवा के रूप में लौटाना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह मेडिसिन विंग बीकानेर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों से आने वाले मरीजों के लिए भी बेहद मददगार साबित होगी।



बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि उद्योग संघ की जिम्मेदारी केवल औद्योगिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की प्रतिभाओं और समाजसेवियों को प्रोत्साहन देना भी सामाजिक कर्तव्य है। उन्होंने मूंधड़ा परिवार के योगदान को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। वहीं समारोह अध्यक्ष अभिषेक शर्मा और मुख्य अतिथि डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि चिकित्सा एवं शिक्षा जैसे क्षेत्रों में सरकार के साथ-साथ भामाशाहों की भागीदारी से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है।
इस अवसर पर बीकानेर की प्रसिद्ध उस्ता कला को वैश्विक पहचान दिलाने वाले राम भादाणी, चिकित्सा व शिक्षा क्षेत्र में रमेश हुरकट एवं डॉ. जितेंद्र आचार्य, संगीत क्षेत्र से गायिका दीपिका खुडिया व गायक एम. रफीक कादरी तथा चित्रकारी क्षेत्र में भरतराज का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संघ के उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, नरेश मित्तल सहित शहर के अनेक प्रमुख उद्यमी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

