भीषण सड़क हादसा, कार की भिड़ंत से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत
कार-बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत इतनी भीषण कि उड़े परखच्चे



बीकानेर, 22 जून। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सड़क हादसों का खूनी सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को श्रीडूंगरगढ़-सरदारशहर स्टेट हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र में पिछले कुछ ही दिनों के भीतर सड़क दुर्घटना में यह दसवीं मौत है, जिससे पूरे इलाके में गहरा शोक और चिंता व्याप्त है। इससे पहले एक कार हादसे में सात लोगों की और फिर एक अन्य दुर्घटना में दो सगे भाइयों की जान जा चुकी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताजा हादसा गांव आड़सर से करीब तीन किलोमीटर आगे सरदारशहर रोड पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक उछलकर दूर जा गिरा, जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ‘आपणो गांव सेवा समिति’ की एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय आड़सर गांव के युवाओं ने भी तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य में सहयोग किया और मृतक के शव को श्रीडूंगरगढ़ उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी (शवगृह) भिजवाया।


अस्पताल पहुंचने पर मृतक की शिनाख्त आसासर निवासी राजेश सांसी (27 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राजेश शनिवार को आड़सर से अपने पैतृक गांव आसासर लौट रहा था, तभी रास्ते में वह इस काल के ग्रास में समा गया। घटना की जानकारी मिलने पर श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का मुआयना किया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


