बीकानेर पीबीएम अस्पताल में चले लात-घूंसे, ग्लूकोज स्टैंड से किया हमला
बीकानेर पीबीएम अस्पताल में चले लात-घूंसे, ग्लूकोज स्टैंड से किया हमला


बीकानेर, 25 अगस्त । जिले के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल की नई मूंधड़ा मेडिसिन विंग में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भर्ती मरीज के रिश्तेदारों और उसकी पत्नी के साथ आए लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। वार्ड बी में मरीज के बेड पास रखे ग्लूकोज स्टैंड को उखाड़कर हमला करने की कोशिश से वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई।


वार्ड बी में कहासुनी के बाद शुरू हुई हाथापाई


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरदारशहर निवासी 26 वर्षीय कृष्णनाथ पुत्र ओमनाथ पिछले गुरुवार से मेडिसिन विंग के बी वार्ड में भर्ती था। रविवार को उसकी पत्नी मनीषा अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ उससे मिलने अस्पताल पहुंची। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच पुराना पारिवारिक विवाद गहरा गया। कहासुनी से शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई और थप्पड़-मुक्कों में बदल गई, जिससे आसपास के मरीज और उनके परिजन डर के मारे वार्ड से बाहर भागने लगे।
ग्लूकोज स्टैंड उखाड़कर हमले की कोशिश
हंगामे के दौरान एक व्यक्ति ने मरीज के बेड के पास लगा लोहे का ग्लूकोज स्टैंड उखाड़ लिया और हथियार की तरह लहराते हुए हमला करने की कोशिश की। सुरक्षा गार्डों द्वारा स्थिति संभालने के प्रयास के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए। बाद में पीबीएम पुलिस चौकी प्रभारी साहबराम डूडी के नेतृत्व में पुलिस जाब्ते ने मौके पर पहुँचकर दोनों पक्षों को अलग किया और मामला शांत कराया।
सदर थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
सदर थानाधिकारी रमेश नयोल ने बताया कि युवक ने अपनी पत्नी पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया था, जिसका मामला पहले से ही महिला थाने में दर्ज है। अस्पताल में हुई मारपीट की घटना के संबंध में पीड़ित युवक की रिपोर्ट पर सदर थाने में एक और मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
