बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान
बीजेपी का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान


- केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को मिली दिल्ली बीजेपी की कमान; केवल सिंह ढिल्लों बने पंजाब के अध्यक्ष
- हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में विधायक अभिषेक देबरॉय संभालेंगे संगठन का नेतृत्व; राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जारी की सूची
नयी दिल्ली , 28 मई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए चार महत्वपूर्ण राज्यों के नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में इन नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया गया है। इस फेरबदल के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में भी नए चेहरों को संगठन की कमान सौंपी गई है।


दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा पर भरोसा
पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 2024 में सांसद निर्वाचित हुए हर्ष मल्होत्रा अब वीरेंद्र सचदेवा के स्थान पर दिल्ली बीजेपी के नए अध्यक्ष होंगे। हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के एक बेहद प्रमुख और जमीनी नेता माने जाते हैं, जो पूर्व में दिल्ली बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और 2015-16 में पूर्वी दिल्ली नगर निगम (EDMC) के मेयर भी रह चुके हैं। वर्तमान में वह केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री (MoS) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।


पंजाब में जाट सिख चेहरे केवल सिंह ढिल्लों को कमान
पार्टी ने पंजाब में सुनील जाखड़ की जगह वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी की कमान सौंपी है। 75 वर्षीय केवल सिंह ढिल्लों पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेहद वफादार और पूर्व कांग्रेस नेता रहे हैं। वह बरनाला विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2012 से 2017 तक विधायक रहे थे और जून 2022 में उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। बीजेपी ने पंजाब में एक अनुभवी जाट सिख चेहरे पर दांव खेलकर राज्य में अपनी पैठ मजबूत करने का संकेत दिया है।
हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को जिम्मेदारी
हरियाणा-पार्टी ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा बीजेपी की नई प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का स्थान लिया है। डॉ. अर्चना गुप्ता इससे पहले पार्टी में प्रदेश महामंत्री और महिला मोर्चा की अध्यक्ष के रूप में काम कर चुकी हैं। वे पेशे से एक जानी-मानी रेडियोलॉजिस्ट (डॉक्टर) हैं और विश्व हिंदू परिषद (VHP) में भी सक्रिय रही हैं।
त्रिपुरा: त्रिपुरा में बीजेपी ने युवा चेहरे पर भरोसा जताते हुए विधायक अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाया है। अभिषेक देबरॉय वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में माताबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। वे गोमती जिला बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
नेतृत्व के प्रति जताया आभार
हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं यह संकल्प लेती हूँ कि भारतीय जनता पार्टी, हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मुझे सौंपी गई ज़िम्मेदारी का निर्वहन मैं पूरी ईमानदारी, समर्पण और सेवा-भाव के साथ करूँगी। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि पार्टी के हर उस कार्यकर्ता का है जो संगठन की विचारधारा और राष्ट्र-सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहता है।”


