9 अगस्त को अग्रवाल भवन में लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर
9 अगस्त को अग्रवाल भवन में लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर


- विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएं
बीकानेर, 7 अगस्त। अग्रवाल समाज चेतना समिति एवं मारवाड़ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 9 अगस्त को अग्रवाल भवन, व्यास कॉलोनी में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक आमजन को निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा मरीजों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं।


अग्रवाल समाज चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज के लिए पंजीकरण काउंटर, अलग-अलग स्वास्थ्य जांच कक्ष, परामर्श क्षेत्र तथा प्रतीक्षालय की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा की भावना से आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांचें पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी। उन्होंने सर्व समाज से अधिकाधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।


अग्रवाल समाज के चिकित्सा प्रभारी डॉ. वेद गोयल के अनुसार शिविर में वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नवनीत सुथार, डॉ. एम.जी. भट्टड़, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. तारिक मोहम्मद तस्लीम एवं डॉ. इमरान खान अपनी सेवाएं देंगे। विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित उपचार व स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.जी. भट्टड़ ने बताया कि शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बीएमआई, ईसीजी, हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, लिवर जांच (फाइब्रोस्कैन) तथा हृदय संबंधी कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाकर प्रभावी इलाज संभव हो पाता है।
शिविर में बड़ी संख्या में आमजन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मारवाड़ हॉस्पिटल के प्रतिनिधि, अग्रवाल समाज चेतना समिति के पदाधिकारी एवं महिला कार्यकारिणी की सदस्याएं व्यवस्थाएं संभालेंगे। आयोजकों ने बीकानेर शहर व आसपास के क्षेत्रवासियों से 9 अगस्त को प्रातः 8:00 से 12:00 बजे के मध्य अग्रवाल भवन पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया है।


