29-30 अक्टूबर को राजस्थान के कई हिस्सों में बदलेगा मौसम
29-30 अक्टूबर को राजस्थान के कई हिस्सों में बदलेगा मौसम

30 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं: चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर,


जयपुर/बीकानेर, 27 अक्टूबर । बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ का असर अब देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ राजस्थान पर भी देखने को मिलेगा। आगामी तीन दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलेगा।



मौसम विभाग के अनुसार, 29-30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी भागों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान में गिरावट का दौर शुरू
मौसम में बदलाव के बीच दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाने लगी है। बीती रात का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, दिन का तापमान भी गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस महीने के अंत तक रात का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ सकता है, जिससे प्रदेश में गुलाबी ठंड का अहसास और अधिक बढ़ जाएगा।
28 अक्टूबर को तट से टकराएगा अति प्रचंड तूफान ‘अर्णब’
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ वर्तमान में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, यह तूफान और अधिक तीव्र होकर 28 अक्टूबर की दोपहर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम तट को पार करेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस तरह के चक्रवात देश के आंतरिक हिस्सों में नमी छोड़ जाते हैं, जिसके प्रभाव से वायुमंडलीय दबाव में बदलाव होता है और मेघगर्जन, तेज हवाओं तथा बारिश के हालात बनते हैं।

