नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन की कार्यकारिणी व वार्षिक साधारण सभा दिल्ली में संपन्न
नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन की कार्यकारिणी व वार्षिक साधारण सभा दिल्ली में संपन्न


नई दिल्ली/बीकानेर, 24 अगस्त । नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन (NAF) नई दिल्ली की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक तथा वार्षिक साधारण सभा का आयोजन दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित यूथ हॉस्टल के सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल रमन धवन ने की, जिसमें देश भर के विभिन्न राज्यों और चैप्टर्स के प्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।


साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर चर्चा


कार्यक्रम के दौरान बीकानेर निवासी तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य डॉ. सुषमा बिस्सा ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नेशनल एडवेंचर फाउंडेशन देशभर के युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जोड़ने का बेहतरीन माध्यम रहा है। उन्होंने भविष्य में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इन गतिविधियों को और विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यकारी निदेशक विंग कमांडर के.के. वर्मा ने बैठक में संस्था का गत वर्ष का प्रतिवेदन (Report) प्रस्तुत किया, जिसके बाद आगामी वर्ष के कार्यक्रमों एवं योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
ब्रिगेडियर ज्ञान सिंह अवार्ड का हुआ वितरण
समारोह के दौरान संस्था के संस्थापक ब्रिगेडियर ज्ञान सिंह के पौत्र रणजीत और स्मिता द्वारा ‘ब्रिगेडियर ज्ञान सिंह अवार्ड’ भी प्रदान किया गया।
बैठक में एनएएफ (NAF) राजस्थान चैप्टर के निदेशक रोहिताश्व बिस्सा ने उपस्थित रहकर अपने सुझाव रखे। वहीं देश के अलग-अलग चैप्टर्स से आए निदेशकों ने अपनी-अपनी प्रस्तुतियों (Presentations) के माध्यम से आगामी कार्ययोजना का विवरण प्रस्तुत किया।
