युवा कवि सुमीत रंगा के नए काव्य संग्रह ‘घर के इक कोने में’ का लोकार्पण 27 को
युवा कवि सुमीत रंगा के नए काव्य संग्रह ‘घर के इक कोने में’ का लोकार्पण 27 को


बीकानेर ,24 अगस्त । प्रज्ञालय संस्थान द्वारा राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर के वित्तीय सहयोग से प्रकाशित हिन्दी के चर्चित युवा कवि सुमीत रंगा के नए काव्य संग्रह ‘घर के इक कोने में’ का लोकार्पण आगामी 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रात: 11:15 बजे नत्थूसर गेट के बाहर स्थित लक्ष्मीनारायण रंगा सृजन-सदन में संपन्न होगा।


वरिष्ठ साहित्यकार करेंगे अध्यक्षता, नई पीढ़ी के पाठकों को विशेष आमंत्रण


लोकार्पण समारोह के संयोजक वरिष्ठ शायर क़ासिम बीकानेरी ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता हिन्दी-राजस्थानी के वरिष्ठ साहित्यकार एवं आलोचक मालचन्द तिवाड़ी करेंगे। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में हिन्दी-राजस्थानी के वरिष्ठ कवि-कथाकार एवं आलोचक डॉ. मदन सैनी शिरकत करेंगे।
समारोह के सहसंयोजक भवानी सिंह राठौड़ एवं हरिनारायण आचार्य ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में नवाचार करते हुए विशेष रूप से नई पीढ़ी के पाठकों व युवाओं को आमंत्रित किया गया है। मंच का संचालन युवा कवि गिरिराज पारीक करेंगे।
वर्ष 2004 से निरंतर सृजनरत हैं कवि सुमीत रंगा
उल्लेखनीय है कि युवा कवि सुमीत रंगा वर्ष 2004 से साहित्य सृजन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इससे पूर्व उनका पहला हिन्दी काव्य संग्रह ‘अंदर के शोर में’ वर्ष 2021 में प्रकाशित हुआ था, जिसे राजस्थान साहित्य अकादमी, उदयपुर से प्रकाशन सहायता मिली थी और पाठकों द्वारा काफी सराहा गया था। कवि सुमीत रंगा को उनके साहित्यिक योगदान के लिए विभिन्न पुरस्कारों व सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।
